अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी के करीब 300 कर्मचारियों के साथ करोड़ों की ठगी का मामला सामने आया है।
करीब ₹400 करोड़ की ठगी करने का आरोप साईना फाइनेंशियल एडवाइजर नाम की कंपनी पर लगा है। इस मामले में अब तक सिविल लाइन थाने में 3 एफआईआर दर्ज किए गए हैं। मालिक फरार हो गया है। कंपनी ने एएमयू के करीब 300 कर्मचारियों को निशाना बनाया।
कंपनी ने निवेशकों को हर महीने भारी मुनाफा का लालच दिया और करोड़ों जमा कर लिए। घोटाले का खुलासा समाजसेवी शाहिद अली खान ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में किया। शाहिद अली खान के मुताबिक, जुनैद अहमद और दीपक कुमार नाम के दो लोगों ने साईना फाइनेंशियल एडवाइजर, साईना हॉलिडे और साईना इन्वेस्टमेंट नाम से कंपनियाँ चलाई और लोगों को निवेश करने के लिए प्रेरित किया।
जुनैद अहमद और दीपक कुमार निवेश की रकम लेकर फरार हो गए। कंपनी का ऑफिस बंद हो चुका है। पीड़ितों को पुलिस में शिकायत दर्ज कराने के लिए कहा गया है।

