खामेनेई की मौत पर J&K में तोड़फोड़, तारिक बट ने समझाया तो कट्टरपंथी देने लगे जान से मारने की धमकी: एंकर ने लगाई सुरक्षा की गुहार

ईरान और US-इजरायल के युद्ध के दौरान देशहित की बात करने पर एक लोकल चैनल के एंकर को धमकी मिली है।

ईरान के सुप्रीम लीडर खामेनेई की मौत पर जम्मू कश्मीर में हुए तोड़फोड़ पर लोकल टीवी चैनल पर बतौर एंकर तारिक बट ने कहा, “सबसे ऊपर है हमारा मुल्क, ईरान के मुल्क के लोगों के लिए उनका मुल्क सलामत हो, हर एक का अपना मुल्क सलामत रहे, खुशहाल रहे, आज अगर इस बात से तकलीफ होगी कि जो आप कर रहे हैं कुछ लोग, खामनेई के मारे जाने के बाद , आप मुल्क को, कौम को नुकसान पहुँचा रहे हैं.. हम जिस मुल्क में रह रहे हैं, अगर उस मुल्क के खिलाफ दुश्मनी करते हैं तो ये विश्वासघात कर रहे हैं। जो तोड़फोड़ करने की कोशिश कर रहे हैं वो जो उन्हें उकसा रहे हैं, दोनों गलत कर रहे हैं।”

टीवी प्रोग्राम के बाद से उन्हें और उनके परिवार को जान से मारने की धमकी मिली है। उन्हें कॉल और मैसेज कर डराया धमकाया जा रहा है और गाली-गलौज की जा रही है। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने साफ कहा था कि देशहित सबसे पहले होना चाहिए और ऐसा कुछ भी नहीं किया जाना चाहिए जिससे देश को नुकसान हो या कानून-व्यवस्था बिगड़े।

कार्यक्रम के बाद उन्हें धमकियाँ मिलने लगी। कॉल कर कहा गया कि अगर हिम्मत है तो सामने आओ। सोशल मीडिया पर उनके खिलाफ वीडियो और पोस्ट डाले जा रहे हैं।

इस पर एंकर बट ने एक बार फिर कहा है कि देश हित सर्वोपरि है। सोशल मीडिया पर उन्होंने लिखा, “मैं यह बात फिर से जोर देकर कहना चाहता हूँ कि देश सबसे पहले है। देश का हित सबसे ऊपर है। हिंसा, धमकी और गाली-गलौज से शांति, स्थिरता और देश के लिए बोलने वाले किसी भी व्यक्ति को चुप नहीं कराया जा सकता।”

उन्होंने जम्मू कश्मीर के अधिकारियों से आग्रह किया है कि उन्हें सोशल मीडिया पर और मिल रहे खुलेआम धमकी पर संज्ञान लें और कार्रवाई करें। उन्होंने कहा है कि उनके परिवार को उनके प्रोफेशनल काम के लिए टारगेट नहीं किया जाना चाहिए। उन्होंने एक बार फिर दोहराया कि देश के लिए जो सही है, उसके लिए खड़ा रहूँगा।