असद ने दिल्ली के पॉश इलाके में बाप-बेटे को चाकू से गोदा, पार्किंग और पैसे के विवाद में राकेश-करण सूद की हत्या: पुलिस ने दबोचा

साउथ दिल्ली के पॉश इलाके सीआर पार्क में हुए डबल मर्डर मामले में पुलिस ने आरोपित असद को गिरफ्तार कर लिया है। शुक्रवार (17 अप्रैल 2026) की शाम तारा अपार्टमेंट के ओ ब्लॉक में असद ने बाप-बेटे की बेरहमी से हत्या कर दी गई थी।

आरोपित असद उसी अपार्टमेंट के एफ ब्लॉक में रहता है। उसका राकेश सूद और उनके बेटे करण से पैसों के लेन-देन को लेकर विवाद चल रहा था। इसी के चलते आरोपित ने दोनों पर चाकू से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल 60 वर्षीय राकेश सूद और उनके 27 वर्षीय बेटे करण सूद को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

वहीं करण का चचेरा भाई राहुल भी इस हमले में बुरी तरह घायल हुआ है और उसका इलाज जारी है। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुँची, इलाके को घेरकर जाँच शुरू की गई और आरोपित की तलाश तेज कर दी गई। बाद में पुलिस ने असद को गिरफ्तार कर लिया।

यह घटना शाम करीब 6:15 बजे घटी जब हमलावर ओ ब्लॉक के पास आया और तीनों व्यक्तियों को बाहर बुलाया। एक अधिकारी ने बताया, “वे बाहर गए और पुराने पैसों और पार्किंग संबंधी विवादों को लेकर बहस करने लगे, पिछले एक साल में इन विषयों पर उनके बीच कई बार झगड़े हो चुके थे।” फिलहाल पुलिस ने आरोपित के खिलाफ हत्या समेत अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है और पूरे मामले की गहराई से जाँच की जा रही है।