असम में कॉन्ग्रेस के पूर्व अध्यक्ष ने दिया राहुल गाँधी को झटका, HM अमित शाह-CM हिमंता की मौजूदगी में BJP से जुड़े: 33 साल बाद छोड़ी पार्टी

असम में विधानसभा चुनाव से ठीक पहले कॉन्ग्रेस पार्टी के लिए बड़ा झटका है। पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष भूपेन कुमार बोरा ने बीजेपी का दामन थाम लिया है। उन्होंने गुवाहाटी में आयोजित एक कार्यक्रम में बीजेपी की सदस्यता ली।

इस दौरान बीजेपी अध्यक्ष दिलीप सैकिया और सांसद बैजयंत पांडा भी मौजूद रहे। बोरा ने बीजेपी में शामिल होने से पहले केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने उन्हें शाह से मिलने के लिए कहा था।

इस बैठक के बाद बोरा ने पत्रकारों को बताया कि 8 मार्च तक करीब 50 प्रतिशत ऐसे कॉन्ग्रेस सदस्य जो आत्मसम्मान और राज्य के प्रति ‘राष्ट्रवादी’ भावना रखते हैं, बीजेपी में शामिल हो जाएँगे।

भूपेन कुमार बोरा के बीजेपी में शामिल होने पर असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने कहा कि भूपेन कुमार बोरा ने कॉन्ग्रेस पार्टी में काफी योगदान दिया है। उन्होंने 33 साल तक कॉन्ग्रेस में काम किया। अब आज से वह अपनी नई राजनीतिक यात्रा शुरू कर रहे हैं। मैं उन्हें नई शुरुआत के लिए शुभकामनाएँ देता हूँ।

भूपेन बोरा ने सोमवार (15 फरवरी 2026) को कॉन्ग्रेस से इस्तीफा दे दिया था। हालाँकि, पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने उनसे बात की और अपने फैसले पर पुनर्विचार करने को कहा, लेकिन अगले दिन मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा उनके घर पहुँचे और घोषणा की कि बोरा रविवार (22 फरवरी 2026) को बीजेपी में शामिल होंगे।

भूपेन बोरा असम में जन्मे हैं और उन्होंने छात्र राजनीति से राजनीतिक जीवन की शुरुआत की। युवावस्था में ही वे कॉन्ग्रेस से जुड़े और धीरे-धीरे संगठन में अहम भूमिका निभाई। वे असम विधानसभा के सदस्य रह चुके हैं और 2021 से 2025 तक असम प्रदेश कॉन्ग्रेस कमेटी के अध्यक्ष रहे हैं।