2026 के विधानसभा चुनावों की मतगणना में जैसे-जैसे रुझान सामने आ रहे हैं, तस्वीर काफी साफ होती दिख रही है। आज तक की रिपोर्ट के अनुसार, पश्चिम बंगाल की 294 सीटों में भाजपा 140 सीटों पर बढ़त के साथ मजबूत चुनौती देती दिख रही है, जबकि तृणमूल कॉन्ग्रेस (TMC) 122 पर है।
शुरुआती आँकड़ों में असम की 126 सीटों में भाजपा के नेतृत्व वाला NDA लगभग 75+ सीटों पर बढ़त बनाए हुए है, जबकि कॉन्ग्रेस और उसके सहयोगी करीब 45 सीटों के आसपास सिमटे नजर आ रहे हैं। पुडुचेरी की 30 सीटों में भी NDA 18 के करीब सीटों पर आगे चल रहा है।
बंगाल, तमिलनाडु और केरल में भाजपा की बढ़ती चुनौती
पश्चिम बंगाल में भाजपा इस बार पहले के मुकाबले कहीं ज्यादा मजबूत होकर उभरी है और 100 से ज्यादा सीटों पर बढ़त के साथ TMC को सीधी टक्कर दे रही है। तमिलनाडु में मुकाबला त्रिकोणीय हो गया है, जहाँ भाजपा गठबंधन अपनी उपस्थिति मजबूती से दर्ज करा रहा है।
वहीं केरल में भी भाजपा भले अभी बड़ी बढ़त में न हो, लेकिन वोट शेयर और सीटों के लिहाज से उसकी मौजूदगी लगातार बढ़ती दिख रही है, जो आने वाले समय में बड़े बदलाव का संकेत हो सकता है।
असम और पुडुचेरी में भाजपा गठबंधन का दबदबा
असम में भाजपा का प्रदर्शन सबसे मजबूत दिख रहा है, जहाँ पार्टी लगातार तीसरी बार सरकार बनाने की ओर बढ़ रही है। 75 से ज्यादा सीटों पर बढ़त यह साफ संकेत देती है कि राज्य में भाजपा की पकड़ और मजबूत हुई है।
पुडुचेरी में भी NDA गठबंधन बहुमत के आँकड़े (16 सीट) से आगे निकलता नजर आ रहा है। यहाँ भाजपा गठबंधन की बढ़त दक्षिण भारत में पार्टी के विस्तार को और मजबूती देती दिख रही है।
कड़ी सुरक्षा के बीच गिनती, हर राउंड पर नजर
देश के पाँच राज्यों, पश्चिम बंगाल, असम, तमिलनाडु, केरल और पुडुचेरी में मतगणना कड़ी सुरक्षा के बीच जारी है। हर काउंटिंग सेंटर पर केंद्रीय बलों की तैनाती की गई है और CCTV के जरिए पूरी प्रक्रिया पर नजर रखी जा रही है। चुनाव आयोग के निर्देशों के तहत हर राउंड के बाद अपडेट जारी हो रहे हैं, जिससे पारदर्शिता बनी हुई है।

