चंगाई सभा में धर्मांतरण की कोशिश में 5 महिला मिशनरी गिरफ्तार, हिंदू देवी-देवताओं के खिलाफ लोगों को भड़का रही थी: झारखंड के गुमला का मामला

झारखंड के गुमला जिला के सिसई थाना क्षेत्र में शुक्रवार (20 मार्च 2026) को एक धर्मांतरण गिरोह का पर्दाफाश हुआ। छरदा रोड इलाके में पाँच महिलाओं को हिरासत में लिया गया है। आरोप है कि वे घर-घर जाकर लोगों को ‘चंगाई सभा’ में शामिल होने के लिए प्रेरित कर रही थीं। पुलिस ने महिलाओं से पूछताछ शुरू कर दी है और मामले की जाँच की जा रही है।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, पुग्गू और आसपास के क्षेत्रों की रहने वाली पाँच महिलाएँ, रौमिला मिंज, किरण कुजूर, शकीरा तिर्की, सुशीला देवी और इंदु देवी सिसई के कुम्हार मोड़ इलाके में रहने वाले लोगों के घर जाती थी। वे पैम्फलेट बाँटते हुए लोगों को बीमारियों से मुक्ति, बेहतर स्वास्थ्य और चमत्कारिक लाभ के दावे कर सभा में शामिल होने के लिए कहती थी।

स्थानीय स्तर पर इसे लेकर संदेह पैदा हुआ, जिसके बाद लोगों ने इस गतिविधि की सूचना अन्य लोगों और संगठनों को दी। छरदा रोड निवासी आनंद साहू ने आरोप लगाया कि महिलाओं ने उनके घर आकर हिंदू देवी-देवताओं को लेकर आपत्तिजनक बातें की और अपनी परंपराएँ और धर्म छोड़ने का दबाव बनाया।

संगठनों का विरोध और पुलिस की कार्रवाई

घटना की जानकारी मिलते ही विश्व हिंदू परिषद, बजरंग दल और अन्य संगठनों के कार्यकर्ता मौके पर पहुँच गए और विरोध जताने लगे। स्थिति को बिगड़ता देख सिसई थाना की पुलिस तुरंत मौके पर पहुँची और महिलाओं को भीड़ से सुरक्षित निकालकर थाना ले आई।

संगठनों की ओर से पुलिस को लिखित शिकायत देकर आरोप लगाया गया है कि प्रलोभन देकर धर्मांतरण का प्रयास किया जा रहा था। वहीं पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जाँच की जा रही है। प्रशासन ने क्षेत्र में शांति बनाए रखने की अपील की है और लोगों से अफवाहों से दूर रहने को कहा है।