पकड़े गए 1 लाख+ कॉकरोच, अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई

ऑस्ट्रेलिया में अधिकारियों ने 1 लाख से अधिक जिंदा विदेशी कॉकरोच जब्त किए हैं। इसे देश के इतिहास में अवैध विदेशी Invertebrates जीवों की सबसे बड़ी बरामदगी माना जा रहा है। यह कार्रवाई न्यू साउथ वेल्स (NSW) राज्य के बाथर्स्ट शहर में एक व्यावसायिक ब्रीडर (Commercial Breeder) के यहाँ की गई।

ऑस्ट्रेलिया के जलवायु परिवर्तन, ऊर्जा, पर्यावरण और जल विभाग (DCCEEW) के अनुसार, यह कार्रवाई विदेशी कीड़ों के अवैध आयात और प्रजनन की जाँच के तहत की गई। अधिकारियों ने बताया कि जब्त किए गए कॉकरोचों की अनुमानित कीमत करीब 2 लाख ऑस्ट्रेलियाई डॉलर (1.33 करोड़ रुपए) है।

बरामद किए गए कीड़ों में मैडागास्कर हिसिंग कॉकरोच और डुबिया कॉकरोच शामिल हैं। मैडागास्कर हिसिंग कॉकरोच दुनिया के सबसे बड़े कॉकरोचों में गिने जाते हैं और इनकी लंबाई 5 से 8 सेंटीमीटर तक हो सकती है। यह खतरा महसूस होने पर एक खास तरह की फुफकार जैसी आवाज निकालते हैं, जिससे इन्हें ‘हिसिंग कॉकरोच’ कहा जाता है। इनका आकार इंसान की उंगली से भी बड़ा होता है। तुलना करें तो ऑस्ट्रेलिया में आमतौर पर पाए जाने वाले कॉकरोच की लंबाई 2.3 से 3.6 सेंटीमीटर होती है।

अधिकारियों के मुताबिक, इस कार्रवाई में 3,000 से अधिक ब्रीडिंग कॉलोनियाँ भी जब्त की गईं। विदेशी और दुर्लभ प्रजातियों की वजह से इनकी माँग पालतू जानवरों और कीड़ों के शौकीनों के बीच काफी अधिक मानी जाती है।

हालाँकि, ऑस्ट्रेलिया में इन कॉकरोचों को कानूनी रूप से आयात करने की अनुमति नहीं है। इसी कारण इन्हें रखना, पालना, प्रजनन करना या बेचना भी गैरकानूनी माना जाता है, चाहे इन्हें किसी भी तरीके से हासिल किया गया हो।

पर्यावरण विभाग ने चेतावनी दी है कि यदि ये विदेशी प्रजातियाँ जंगलों में फैल गईं तो यह स्थानीय जैव विविधता, वन्यजीवों और कृषि के लिए गंभीर खतरा बन सकती हैं। अधिकारी मानते हैं कि ये प्रजातियाँ बीमारियाँ फैला सकती हैं, स्थानीय जीवों से संसाधनों के लिए लड़ाई कर सकती हैं और पर्यावरण संतुलन बिगाड़ सकती हैं। फिलहाल मामले की जाँच जारी है। अधिकारियों ने अभी तक उस व्यक्ति की पहचान सार्वजनिक नहीं की है जिसके पास यह कॉकरोच मिले थे।