‘तुम इजरायल समर्थक हो, बाहर निकलो’: सिडनी में ईद मिलन समारोह में पहुँचे ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री से नमाजियों ने की बदसलूकी, नारेबाजी का Video वायरल

ऑस्ट्रेलिया के सिडनी में ईद के मौके पर आयोजित एक प्रार्थना सभा में उस समय अफरा-तफरी मच गई जब पीएम एंथनी अल्बनीज और गृह मंत्री टोनी बर्क का कुछ लोगों ने विरोध शुरू कर दिया। लेकम्बा मस्जिद में हजारों की भीड़ के बीच मौजूद इन नेताओं को देखकर मुट्ठी भर प्रदर्शनकारियों ने नारेबाजी की और उन्हें मस्जिद से बाहर जाने को कहा

नमाज के बाद भाषण के दौरान शुरू हुई नारेबाजी

प्रधानमंत्री और गृह मंत्री लेकम्बा में ईद-उल-फितर के जश्न में शामिल होने पहुँचे थे। वे हजारों लोगों के साथ बैठे थे, तभी नमाज के बाद होने वाले संबोधन के दौरान कुछ लोगों ने हंगामा (Heckling) शुरू कर दिया।

प्रदर्शनकारियों ने ‘टोनी बर्क और अल्बनीज वापस जाओ‘ और ‘इन्हें यहाँ से बाहर निकालो’ जैसे नारे लगाए। हालाँकि, मस्जिद में मौजूद बाकी लोग इन नेताओं का स्वागत कर रहे थे, लेकिन नारेबाजी की वजह से कार्यक्रम के बीच में काफी बाधा आई।

पुलिस ने एक शख्स को मस्जिद से हटाया

सुबह करीब 8 बजे जब हंगामा ज्यादा बढ़ गया, तो पुलिस ने मौके पर मोर्चा संभाला। पुलिस ने विरोध कर रहे 33 साल के एक शख्स, जिसका नाम शेख मुखलिस बताया जा रहा है, उसे वहाँ से हटने का आदेश दिया।

पुलिस अधिकारियों ने उसे मस्जिद परिसर से बाहर निकाला, जिसके बाद कोई बड़ी अप्रिय घटना नहीं हुई। प्रदर्शनकारी शख्स ने बाद में सोशल मीडिया पर आरोप लगाया कि उसे जबरन सीढ़ियों से नीचे उतारा गया। उसका कहना था कि सरकार इजरायल का समर्थन कर रही है, इसलिए उन्हें मस्जिद में नहीं आना चाहिए।

मस्जिद कमेटी ने किया प्रधानमंत्री का बचाव

अक्टूबर 2023 में इजरायल-हमास युद्ध शुरू होने के बाद यह पहली बार था जब ‘लेबनानी मुस्लिम एसोसिएशन’ ने प्रधानमंत्री अल्बनीज को आमंत्रित किया था। एसोसिएशन के प्रवक्ता हज गामेल खैर ने हंगामा करने वालों को कड़ा जवाब देते हुए कहा कि सरकार से पूरी तरह नाता तोड़ लेना कोई समाधान नहीं है। उन्होंने कहा, “हम अपने दरवाजे केवल दिखावे के लिए नहीं खोलते। समुदाय की चिंताओं को सीधे सरकार तक पहुँचाने के लिए उनसे बातचीत करना और उन्हें मंच देना जरूरी है।”

हंगामे के बावजूद प्रधानमंत्री ने दी बधाई

विरोध और हंगामे के बावजूद, प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज ने कार्यक्रम को सफल बताया। उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर करते हुए लिखा कि लेकम्बा मस्जिद में हजारों लोगों के साथ ईद मनाना उनके लिए सम्मान की बात है। प्रधानमंत्री ने समुदाय के लोगों को ईद की मुबारकबाद भी दी। इससे पहले भी वे रमजान के दौरान सिडनी के स्थानीय बाजारों में लोगों से मिलने पहुँचे थे।