राम मंदिर फैसले की छठी वर्षगाँठ पर इंदिमा खान ने की घर वापसी, महक यादव बन थामा अभिषेक का हाथ: रामलला को साक्षी मानकर लिए 7 फेरे

उत्तर प्रदेश के अयोध्या में रविवार (9 नवंबर 2025) को जिस दिन देशभर में लोग राम मंदिर के पक्ष में आए सुप्रीम कोर्ट के फैसले की छठवीं वर्षगांठ मना रहे थे, उसी दिन अयोध्या जनपद के अभिषेक यादव ने अपनी मुस्लिम प्रेमिका इंदिमा खान से हिंदू रीति-रिवाजों के साथ शादी कर ली। इंदिमा ने घर वापसी के बाद अपना नाम महक यादव रखा।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, दोनों की शादी अयोध्या सदन स्थित राम जानकी मंदिर में हुई, जहाँ दोनों ने रामलला को साक्षी मानकर सात फेरे लिए और जीवनभर एक-दूसरे का साथ निभाने की कसम खाई। अभिषेक ने बताया कि उसकी और इंदिमा की मुलाकात तीन साल पहले हुई थी।

उस समय इंदिमा नाबालिग थी। रिश्ता गहराने पर जब यह बात युवती के मुस्लिम परिवार को पता चली, तो उन्होंने अभिषेक पर इंदिमा को बहलाने के आरोप में FIR दर्ज करा दी। इंदिमा के परिवारवालों के झूठे आरोपों के चलते उसे जेल भी जाना पड़ा। इसके बावजूद दोनों ने साथ रहने का फैसला नहीं छोड़ा।

अभिषेक ने कहा कि उन्होंने शादी के लिए 9 नवंबर का दिन इसलिए चुना क्योंकि यह राम मंदिर फैसले की तिथि है, जो उनके लिए आस्था और विश्वास का प्रतीक है। वहीं महक ने बताया कि दोनों अब बालिग हैं और अपनी इच्छा से विवाह किया है। उन्होंने प्रशासन से सुरक्षा की माँग भी की है ताकि वे शांतिपूर्ण जीवन बिता सकें।