उत्तर प्रदेश सरकार ने अयोध्या धाम और पंचकोसी परिक्रमा मार्ग की धार्मिक मर्यादा को बनाए रखने के लिए बड़ा फैसला लिया है। सरकार ने स्पष्ट कर दिया है कि इस पूरे पवित्र क्षेत्र में अब न सिर्फ नॉन-वेज की दुकानों और होटलों पर रोक रहेगी, बल्कि ऑनलाइन फूड डिलीवरी ऐप्स के जरिए भी कोई नॉन-वेज खाना ऑर्डर नहीं कर सकेगा। प्रशासन का कहना है कि यह कदम श्रद्धालुओं की आस्था और स्थानीय लोगों की भावनाओं के सम्मान के लिए उठाया गया है।
ऑनलाइन फूड डिलीवरी पर भी पूरी तरह पाबंदी
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, अब तक अयोध्या धाम क्षेत्र में दुकानों और रेस्टोरेंट्स पर नॉन-वेज बेचने पर रोक थी, लेकिन लोग ऑनलाइन ऐप्स के जरिए खाना मँगवा रहे थे। इसी को लेकर लगातार शिकायतें मिल रही थीं। इन्हें गंभीरता से लेते हुए सरकार ने Zomato, Swiggy जैसे ऑनलाइन फूड डिलीवरी प्लेटफॉर्म पर भी नॉन-वेज ऑर्डर और डिलीवरी पर पूरी तरह प्रतिबंध लगा दिया है। यानी अब न दुकान खुलेगी और न ही मोबाइल ऐप से नॉन-वेज मँगाया जा सकेगा।
गेस्ट हाउस और होमस्टे भी दायरे में, निगरानी और कार्रवाई के सख्त निर्देश
सरकार के आदेश के अनुसार गेस्ट हाउस, होमस्टे और ढाबों में भी नॉन-वेज भोजन परोसने की अनुमति नहीं होगी। प्रशासन का मानना है कि अयोध्या और पंचकोसी परिक्रमा मार्ग पूरी तरह धार्मिक क्षेत्र है, जहाँ श्रद्धालु आध्यात्मिक शांति की भावना से आते हैं। ऐसे में किसी भी स्तर पर नियमों का उल्लंघन स्वीकार नहीं किया जाएगा।
राज्य प्रशासन ने साफ कर दिया है कि इस फैसले के पालन के लिए लगातार निगरानी की जाएगी। सभी दुकानदारों, होटल संचालकों और ऑनलाइन डिलीवरी कंपनियों को आदेश की जानकारी दे दी गई है। सहायक खाद्य आयुक्त ने चेतावनी दी है कि नियम तोड़ने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
सरकार का कहना है कि इस फैसले से अयोध्या की आध्यात्मिक पहचान और धार्मिक वातावरण और मजबूत होगा, जिससे श्रद्धालुओं को पूरी तरह पवित्र माहौल मिल सकेगा।

