बाबरी मस्जिद के नाम पर बंगाल में मुस्लिमों के शक्ति प्रदर्शन की तैयारी, 3 लाख लोग जुटाने का हुमायूँ ने रखा लक्ष्य: मुर्शिदाबाद में 3000 जवान तैनात

पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद में बाबरी मस्जिद की तर्ज पर प्रस्तावित मस्जिद की नींव रखे जाने को लेकर भारी तनाव है। शनिवार (6 दिसंबर 2025) को TMC से निलंबित विधायक हुमायूँ कबीर ने यह कार्यक्रम रखा है।

हुमायूँ कबीर का दावा है कि इसमें 3 लाख से अधिक लोग जुटेंगे। इस संवेदनशील मौके को देखते हुए कलकत्ता हाई कोर्ट के निर्देश पर इलाके में 3 हजार से अधिक जवान तैनात किए गए हैं। पुलिस, RAF और केंद्रीय बल निगरानी कर रहे हैं। भाजपा नेताओं ने इसे मुस्लिम वोट खींचने की राजनीति और ‘नाटक’ बताया है।

हुमायूं कबीर का बड़ा दावा

TMC से निलंबित विधायक हुमायूँ कबीर ने बताया कि सऊदी अरब समेत देश-विदेश से इस्लामी प्रचारक आ रहे हैं। इस कार्यक्रम पर 60 से 70 लाख रुपए खर्च होने का अनुमान है। लगभग 25 बीघा जमीन पर यह आयोजन हो रहा है।

हुमायूँ कबीर ने 40,000 मेहमानों और 20,000 स्थानीय लोगों के लिए शाही बिरयानी का इंतजाम भी किया है। कबीर ने दावा किया है कि उनके 3000 स्वयंसेवक भीड़ और ट्रैफिक सँभालेंगे।

इलाके में भारी सुरक्षा बल तैनात

यह कार्यक्रम बाबरी मस्जिद विध्वंस की बरसी पर हो रहा है, इसलिए प्रशासन सतर्क है। कलकत्ता हाई कोर्ट ने मस्जिद निर्माण पर रोक नहीं लगाई। हालाँकि, हाई कोर्ट ने शांति बनाए रखने की जिम्मेदारी राज्य सरकार पर डाली है।

इसके बाद, बेलडांगा और आसपास के इलाकों में केंद्रीय सशस्त्र बल की 19 टीमें, RAF, BSF और स्थानीय पुलिस के 3 हजार से अधिक जवान तैनात किए गए हैं। हाई अलर्ट घोषित है।

भाजपा नेताओं का तीखा हमला

भाजपा नेता और पूर्व सांसद अर्जुन सिंह ने इस शिलान्यास को ‘नाटक’ बताया है। उन्होंने कहा कि कोई शिलान्यास नहीं होगा। उन्होंने हुमायूँ कबीर को चेतावनी भी दी है। भाजपा नेता दिलीप घोष ने इस कदम को ‘मुस्लिम वोट बैंक खींचने की राजनीति’ करार दिया है। उन्होंने कहा कि आज शौर्य दिवस है और बाबरी ढाँचे को हटाकर विदेशी आक्रांताओं के निशान को मिटाया गया था।