थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक के उत्तरी हिस्से में स्थित एक पब में सोमवार (13 जुलाई 2026) तड़के लगी भीषण आग ने कुछ ही मिनटों में भयावह रूप ले लिया। हादसे में कम से कम 27 लोगों की मौत हो गई, जबकि 60 से अधिक लोग घायल हुए हैं। इनमें कई की हालत गंभीर बताई जा रही है।
आग इतनी तेजी से फैली कि अंदर मौजूद लोगों को बाहर निकलने का मौका नहीं मिला। दमकल विभाग ने करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। घटना के बाद थाईलैंड सरकार ने मामले की जाँच शुरू कर दी है। मौके पर पहुँचे थाईलैंड के प्रधानमंत्री अनुतिन चर्नविराकुल ने मीडिया से कहा है कि आग लगने के कारणों की जाँच की जा रही है।
WARNING: GRAPHIC CONTENT
— Reuters (@Reuters) July 12, 2026
At least 27 people have been killed in a fire at a pub in Bangkok in one of the deadliest such incidents in the tourism hub in recent years https://t.co/3STrHP3k5v pic.twitter.com/VkvzWFpVb1
स्टेज के पास धुआँ, फिर धमाका और पूरे पब में फैल गई आग
प्रारंभिक जाँच के अनुसार, आग की शुरुआत स्टेज के पास लगे एक सर्किट ब्रेकर से हुई। मौके पर मौजूद म्यूजिशियन ने बताया कि सबसे पहले वहाँ से धुआँ निकलता दिखाई दिया। इसके कुछ ही समय बाद पब की बिजली चली गई और जोरदार धमाका हुआ। धमाके के बाद आग तेजी से पूरे परिसर में फैल गई।
💔 27 dead and 18 injured as tragedy strikes Bangkok nightlife
— Thai Enquirer (@ThaiEnquirer) July 12, 2026
Late last night, a massive fire engulfed the popular entertainment venue "Rong Beer at Ladprao" near the Ladprao Intersection. Emergency services responded around midnight to a fierce blaze, with thick smoke and… pic.twitter.com/vuPsMO7eZn
छत पर लगी सजावटी और ज्वलनशील सामग्री ने आग को और भड़का दिया, जिससे कुछ ही मिनटों में पूरा हॉल घने और जहरीले धुएँ से भर गया। इससे लोगों के लिए बाहर निकलना बेहद मुश्किल हो गया। आग लगने की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में फायर ब्रिगेड और बचाव दल मौके पर पहुँचे।
कई मृतकों के शव पब के पिछले हिस्से में बने रेस्टरूम (शौचालय) में पाए गए। आग बुझने के बाद पब का अंदरूनी हिस्सा पूरी तरह जल चुका था। बैंकॉक के गवर्नर ने यह भी आशंका जताई कि अंदर लगी ज्वलनशील सजावट और कुछ स्थानों पर रखे सामान ने निकासी मार्गों को प्रभावित किया हो सकता है, हालाँकि इसकी आधिकारिक पुष्टि जाँच के बाद ही होगी।
पहले भी हो चुके हैं ऐसे हादसे, सुरक्षा व्यवस्था पर फिर उठे सवाल
यह हादसा हाल के वर्षों में थाईलैंड के सबसे बड़े पब अग्निकांडों में से एक माना जा रहा है। इससे पहले वर्ष 2022 में देश के पूर्वी हिस्से के एक म्यूजिक पब में आग लगने से 14 लोगों की मौत हुई थी। वहीं साल 2009 में बैंकॉक के सांतिका नाइटक्लब में नए साल के जश्न के दौरान इनडोर आतिशबाजी से लगी आग में 66 लोगों की जान चली गई थी।
घटना में करीब 200 से अधिक लोग घायल हुए थे। ताजा घटना के बाद एक बार फिर मनोरंजन स्थलों में अग्नि सुरक्षा, आपातकालीन निकासी व्यवस्था और भवन सुरक्षा मानकों को लेकर गंभीर सवाल उठने लगे हैं। अधिकारियों ने कहा है कि आग लगने के वास्तविक कारणों, सुरक्षा व्यवस्था और किसी भी संभावित लापरवाही की विस्तृत जाँच की जा रही है।

