बांग्लादेश में मतदान के वक्त भी नहीं थमा हिंदुओं पर अत्याचार: पोलिंग से 1 दिन पहले 23 साल के रतन साहूकार की हत्या, रस्सी से बँधा मिला शव

बांग्लादेश में आम चुनावों के लिए गुरुवार (12 फरवरी 2026) को मतदान चल रहा है, लेकिन इसी बीच एक हिंदू युवक रतन साहूकार की हत्या की खबर सामने आई है। वह मौलवी जिले के चम्पारा चाय बागान में काम करता था। चाय बागान में रतन का खून से लथपथ शव मिला। उसके हाथ-पाँव रस्सी से बँधे हुए थे और शरीर पर गहरे जख्मों के निशान थे।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, बुधवार (12 फरवरी 2026) की सुबह 10 बजे जब 23 साल का रतन साहूकार काम पर नहीं आया, तो उसके साथी उसे खोजने लगे। तब उसका शव चाय के बागान में ही मिला। बताया जा रहा है कि रतन की हत्या किसी और जगह हुई, और शव को चाय के बागान में फेंक दिया गया। वहीं इस हत्या का लिंक बांग्लादेश में चुनावों से लगाया जा रहा है।

मृतक के भाई लक्ष्मण कर ने बताया कि रतन पिछली रात से ही गायब है, परिवार उसे हर जगह ढूँढ रहा था। लक्ष्मण ने बताया कि उन्हें सूचना मिली कि भाई रतन चाय बागान में है, वहाँ पहुँचकर शव की शिनाख्त की। लक्ष्मण ने कहा कि हत्या के पीछे की वजह नहीं मालूम चल पाई है।

वहीं पुलिस ने भी मौके पर पहुँचकर शव को कब्जे में लेकर मौलवीबाजार सदर हॉस्पिटल में पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस ने कहा कि हत्या के दोषियों की पहचान के लिए जाँच की जा रही है।

इससे एक दिन पहले मैमनसिंह में 62 साल के हिंदू व्यापारी सुशेन चंद्र सरकार की हत्या की गई। अज्ञात हमलावरों ने रात में उनकी दुकान के भीतर घुसकर उन पर धारदार हथियारों से हमला किया और लूटपाट भी की।

गौरतलब है कि बांग्लादेश में हिंदूओं के खिलाफ अत्याचार पिछले दो सालों से जारी है। लेकिन दिसंबर 2025 में उस्मान हादी की मौत के बाद हिंदुओं के खिलाफ हिंसा और हत्या के आँकड़ों में भारी उछाल आया है। वहीं अब बांग्लादेश में दो साल बाद आम चुनाव होने जा रहे हैं। इस बीच हिंदुओं की हत्या को लेकर सवाल उठ रहे हैं।