बरेली हिंसा के मास्टरमाइंड तौकीर रजा के करीबी आरिफ के शोरूम पर चला बुलडोजर, ₹5 करोड़ की 3 मंजिला अवैध बिल्डिंग को प्रशासन ने ढहाया

उत्तर प्रदेश के बरेली में अवैध निर्माण के खिलाफ कार्रवाई तेज करते हुए प्रशासन ने रविवार (23 नवंबर 2025) को मौलाना तौकीर रजा के करीबी मोहम्मद आरिफ के 3 मंजिला शोरूम को बुलडोजर से गिरा दिया।

पीलीभीत रोड पर फ्लोरा गार्डन के बगल में बनी यह इमारत 2000 स्क्वायर फीट में फैली थी और इसकी कीमत करीब 5 करोड़ रुपए बताई जाती है। बिल्डिंग में नीचे सैलून था जबकि ऊपरी मंजिलों पर पीटर इंग्लैंड का आउटलेट चलता था। कुछ दिन पहले ही इस इमारत को नगर निगम ने बिना नक्शा पास कराए बनाए जाने के कारण सील किया था।

कार्रवाई के दौरान क्षेत्र में पुलिस और PAC की भारी तैनाती की गई। बैरिकेडिंग कर पूरे इलाके को घेरा गया। इसी दौरान एक बिजली का खंभा गिरने से अफरा-तफरी भी मच गई, हालाँकि कोई गंभीर हादसा नहीं हुआ। प्रशासन ने पास स्थित 20 करोड़ की कीमत वाले फ्लोरा गार्डन को भी सील कर दिया।

इसी अभियान के तहत जगतपुर स्थित दो मंजिला मार्केट को ढहाया था, जिसमें 16 दुकानें थीं और जिसकी कीमत भी करीब 5 करोड़ रुपए थी। गौरतलब है कि मौलाना तौकीर रजा पर 26 सितंबर 2025 की बरेली हिंसा का मास्टरमाइंड होने का आरोप है। उनके खिलाफ हत्या की साजिश, पुलिस पर हमला, दंगा और पेट्रोल बम फेंकने जैसी गंभीर धाराओं में 10 मुकदमे दर्ज हैं।