उत्तर प्रदेश के बरेली में पिछले साल हुए ‘आई लव मोहम्मद’ के बवाल मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। लंबे समय से फरार चल रहे आरोपित गफ्फार खान को पुलिस ने उत्तराखंड के किच्छा इलाके से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक, गफ्फार खान पर दंगे के दौरान इस्तेमाल किए गए अवैध हथियार सप्लाई करने का आरोप है।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, सितंबर 2025 में मौलाना तौकीर रजा के प्रदर्शन के आह्वान के बाद बरेली के कई इलाकों में हिंसा, पथराव और पुलिस पर हमले हुए थे। इस मामले में पुलिस लगातार जाँच कर रही थी। जाँच के दौरान हथियार सप्लाई करने वाले एक नेटवर्क का खुलासा हुआ था।
पुलिस ने बताया कि इससे पहले भी इस मामले में कई आरोपितों को गिरफ्तार किया जा चुका है, लेकिन गफ्फार खान लगातार अपनी लोकेशन बदलकर पुलिस से बच रहा था। आखिरकार मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने उसे दबोच लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपित को कोर्ट में पेश किया गया, जहाँ से उसे जेल भेज दिया गया।
पुलिस जाँच में यह भी सामने आया कि फरवरी 2026 में पकड़े गए कुछ हथियार इसी नेटवर्क से जुड़े थे। पूछताछ में गफ्फार खान ने अवैध हथियारों के कारबोर में शामिल होने की बात कबूल की है। पुलिस अब उसके बाकी साथियों की तलाश में जुटी हुई है।

