‘मौलाना तौकीर रजा माफिया, उसकी बीवी पाकिस्तानी’: बहू निदा खान ने Video जारी कर की सुरक्षा की माँग, कहा- मुझे धमकियाँ मिल रही, दरगाह के लोगों से खतरा

उत्तर प्रदेश के बरेली में 26 सितंबर 2025 को हुई हिंसा के मुख्य आरोपित मौलाना तौकीर रजा की बहू निदा खान ने अपने लिए सुरक्षा की माँग की है। उन्होंने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर दावा किया कि उन्हें लगातार धमकियाँ मिल रही हैं और अगर उनके साथ कुछ भी गलत होता है तो इसकी जिम्मेदारी मौलाना तौकीर और उनके खानदान की होगी।

निदा खान ने बताया कि उनकी शादी 10 साल पहले दरगाह आला हजरत खानदान में हुई थी, लेकिन कुछ समय बाद विवाद उत्पन्न हो गया और मामला अदालत में विचाराधीन है। उन्होंने कहा कि 26 सितंबर 2025 की हिंसा के बाद तौकीर रजा के समर्थकों ने उन्हें धमकाया और विदेशी नंबरों से फोन तथा सोशल मीडिया के जरिए लगातार डराया जा रहा है। निदा ने यह भी कहा कि उन्हें घर से बाहर निकलते समय पीछा किया जाता है, जिससे वे असुरक्षित महसूस कर रही हैं।

वहीं, निदा ने मौलाना तौकीर पर गंभीर आरोप लगाते हुए उन्हें माफिया और तालिबानी प्रवृत्ति वाला बताया। उन्होंने दावा किया कि तौकीर ने कई मुसलमानों को प्रभावित किया और हिंसा में शामिल लोगों को भड़काया। इसके अलावा, निदा ने तौकीर की पाकिस्तानी पत्नी और उनके संबंधों का भी जिक्र किया और कहा कि इस मामले की पूरी जाँच होनी चाहिए।

इस वीडियो के बाद तौकीर रजा की मुश्किलें और बढ़ती दिख रही हैं, जबकि प्रशासन से निदा खान की सुरक्षा सुनिश्चित करने की अपील की गई है।