बरेली हिंसा मामले में प्रशासन की बड़ी कार्रवाई की तैयारी: 100+ संपत्तियों की कुर्की के लिए बनाई सूची, फरार उपद्रवियों पर घोषित होगा ₹25-25 हजार का इनाम

उत्तर प्रदेश के बरेली में 26 सितंबर 2025 को जुमे की नमाज के बाद हुए बवाल के मामले में पुलिस ने अब बड़ी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस इस हिंसा के फरार उपद्रवियों पर 25-25 हजार रुपए का इनाम घोषित करने की तैयारी में है और जल्द गिरफ्तारी न होने पर गैर-जमानती वारंट और कुर्की की कार्रवाई भी की जाएगी।

अब तक इस बवाल में 10 मुकदमे दर्ज किए जा चुके हैं, जिनमें 5 कोतवाली, 2 बारादरी और 1-1 कैंट, प्रेमनगर और किला थानों में दर्ज की गई है। इन मामलों में 126 नामजद और 3225 अज्ञात लोगों को आरोपित बनाया गया है। मामले में पुलिस ने अब तक 89 उपद्रवियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें से 83 को जेल भेजा गया है और 6 का शांतिभंग में चालान किया गया है।

फरार आरोपितों में प्रमुख नाम अत्तमच रजा खान, साजिद सकलैनी, अहसानुल हक चतुर्वेदी आदि का है। ये सभी आईएमसी (IMC) से जुड़े बताए जा रहे हैं और इन्हीं पर इनाम घोषित किया जाना है। पुलिस को उसकी गोपनीय हेल्पलाइन 9917020009 पर अब तक 12 अहम जानकारियाँ मिल चुकी हैं। इसके अलावा डाक से 6 और एक शिकायत पत्र भी मिला है।

प्रशासन और बीडीए ने 100 से अधिक संपत्तियों की सूची तैयार की है, जिनमें सबसे ऊपर नफीस और नदीम के नाम हैं। ये दोनों मौलाना तौकीर रजा के करीबी बताए जा रहे हैं और मुख्य आरोपितों में शामिल हैं। इनकी बरेली और आसपास के इलाकों में करोड़ों की संपत्तियाँ हैं।

प्रशासन ने इन्हें टॉप टारगेट मानते हुए कार्रवाई तेज कर दी है। इनके सहयोगियों की संपत्तियाँ भी खंगाली जा रही हैं। बीडीए उपाध्यक्ष का कहना है कि जब तक पूरी सूची की जाँच पूरी नहीं हो जाती, अभियान जारी रहेगा।