भगवान श्रीराम व माता सीता का मजाक उड़ा रहे थे अभिजीत दिपके और उसके साथी: CJP के कॉकरोच पर स्याही फेंकने वाली बरखा त्रेहन ने क्या बताया?

जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दिपके पर शनिवार (18 जुलाई) को स्याही फेंकने वाली पुरुष अधिकार कार्यकर्ता और पुरुष आयोग की अध्यक्ष बरखा त्रेहन ने इस घटना के पीछे की वजह बताई है। उन्होंने कहा है कि उन्होंने ऐसा इसलिए किया क्योंकि दिपके ने हिंदू देवी-देवताओं का अपमान किया था।

रविवार (19 जुलाई) को मीडिया से बातचीत में त्रेहन ने कहा कि दिपके और उसके साथियों ने मंच से भगवान श्रीराम और माता सीता का मजाक उड़ाया और उनका अपमान किया, जिससे उनकी धार्मिक भावनाएँ आहत हुईं। उन्होंने यह भी कहा कि उनका किसी भी राजनीतिक दल से कोई संबंध नहीं है।

त्रेहन ने कहा, “मैं शांतिपूर्ण विरोध की बिल्कुल भी विरोधी नहीं हूँ। मेरा किसी भी राजनीतिक पार्टी से कोई जुड़ाव या संबंध नहीं है। वहाँ जो कार्यक्रम चल रहा था, उन कॉकरोचों और कॉकरोच पार्टी का असली NEET मुद्दे से कोई लेना-देना नहीं है। वह पूरी तरह राजनीतिक एजेंडे से प्रेरित है। अभिजीत के गुंडों ने मेरे साथ जैसा व्यवहार किया, उसकी आप कल्पना भी नहीं कर सकते। अभिजीत और उसके साथी मंच पर ही भगवान श्रीराम और माता सीता का हँसकर मजाक उड़ा रहे थे। मैंने अभिजीत पर स्याही सिर्फ विरोध जताने के लिए फेंकी थी। मुझे ऐसा करना जरूरी लगा। मैं कभी भी ऐसी बात बर्दाश्त नहीं करती, चाहे टिप्पणी माँ दुर्गा पर हो, माँ काली पर हो या भगवान श्रीराम पर।”

बरखा त्रेहन ने आरोप लगाया कि अभिजीत दिपके पर स्याही फेंकने के बाद CJP के गुंडों ने उनके साथ बदसलूकी की, उन्हें पीटा और उनके बाल खींचे। उन्होंने सुरक्षित बचाने के लिए दिल्ली पुलिस का धन्यवाद भी किया।

उन्होंने कहा, “उन गुंडों ने मुझे बुरी तरह पीटा। उन्होंने मुझे मारा-पीटा और मेरे बाल खींचे। मैं दिल्ली पुलिस की आभारी हूँ कि उन्होंने मुझे बचाया और सुरक्षित बाहर निकाला। मैंने कुछ भी गलत नहीं किया था। मैंने किसी तरह की हिंसा नहीं की थी। इसके बावजूद उन्होंने मेरे साथ इतनी हिंसा की। वे सोनम वांगचुक का इस्तेमाल कर रहे हैं। मैं सोनम वांगचुक से यही कहने वहाँ गई थी कि ये लोग उनका भी इस्तेमाल कर रहे हैं, ठीक उसी तरह जैसे इन्होंने अन्ना हज़ारे का इस्तेमाल किया था।”

इस घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिसमें बरखा त्रेहन जंतर-मंतर पर चल रहे विरोध प्रदर्शन के दौरान अभिजीत दिपके पर स्याही फेंकती हुई दिखाई दे रही हैं।