12 जिलों के युवकों को आतंकी बनाना चाहता था हारिश अली, लैपटॉप में मिले चौंकाने वाले राज: ‘अल इत्तिहाद’ नाम से ग्रुप बनाकर ISIS के जासूसों को जोड़ा

यूपी के मुरादाबाद से पकड़े गए संदिग्ध ISIS आतंकी हारिश अली का मामला अब सिर्फ एक गिरफ्तारी तक सीमित नहीं रहा, बल्कि शैक्षणिक परिसरों में फैलते संभावित कट्टरपंथी नेटवर्क की बड़ी चेतावनी बनकर सामने आया है।

ATS की जाँच में सामने आया है कि हारिश, जो BDS का छात्र था, अपने सहपाठियों को कट्टर सोच की ओर प्रभावित करने की कोशिश कर रहा था। उसके मोबाइल और लैपटॉप से डिजिटल सबूत मिले है। वह सिर्फ ऑनलाइन कट्टरपंथी सामग्री देखने तक सीमित नहीं था, बल्कि सक्रिय रूप से युवाओं को जोड़ने और प्रभावित करने में लगा था।

जानकारी के मुताबिक उसने ‘अल इत्तिहाद मीडिया फाउंडेशन’ नाम से एक ग्रुप बनाया था, जिसके जरिए सहारनपुर, संभल, अमरोहा और बरेली समेत 12 जिलों के युवाओं को जोड़ने की कोशिश की जा रही थी। ATS ने कई छात्रों को पूछताछ के लिए बुलाया है।

फिलहाल किसी बड़े आतंकी मॉड्यूल से सीधा लिंक नहीं मिला, लेकिन एजेंसियों को आशंका है कि पढ़े-लिखे युवाओं को जोड़कर एक संगठित नेटवर्क खड़ा करने की कोशिश हो सकती है। यही वजह है कि जाँच अब और गहराई से की जा रही है।