TMC सांसद अभिषेक बनर्जी की प्रॉपर्टी में सायोनी घोष भी मालकिन, जानिए ममता बनर्जी के भतीजे से जुड़ी किन 43 संपत्तियों की सूची हुई सार्वजनिक: माँ को अवैध निर्माण पर नोटिस

कोलकाता नगर निगम (KMC) की तरफ से हाल ही में ममता बनर्जी के भतीजे व TMC सांसद अभिषेक बनर्जी और उनके परिवार से जुड़ी संपत्तियों को लेकर उनकी माँ लता बनर्जी को नोटिस भेजा गया है। शुरुआत में खबर सिर्फ इतनी थी कि अवैध निर्माण और बिल्डिंग प्लान की जाँच के लिए नोटिस जारी हुआ है। लेकिन अब इस मामले में सबसे बड़ा सवाल उन संपत्तियों को लेकर उठ रहा है, जिनका विवरण बीजेपी ने सार्वजनिक किया है।

आजतक की रिपोर्ट के मुताबिक, पश्चिम बंगाल बीजेपी ने 43 संपत्तियों की एक लिस्ट जारी की है, जिनका संबंध अभिषेक बनर्जी, उनके परिवार, ममता बनर्जी, अमृता बनर्जी, सबिता बनर्जी, मिनाती बनर्जी, बाणानी बनर्जी और सायोनी घोष (TMC सांसद सायोनी घोष है या कोई अन्य महिला इसकी पुष्टि नहीं हो सकी है) के साथ जॉइंट ओनरशिप वाली बताई गई हैं। इसके अलावा अर्पिता बनर्जी, सुदेष्णा बनर्जी, आकाश बनर्जी, सोमनथ बनर्जी और प्रियंका दास जैसे कई अन्य नाम भी अलग-अलग संपत्तियों के मालिकों या पर्सन लायबल टैक्स के रूप में सूची में शामिल हैं।

कोलकाता के पॉश इलाकों में कई प्रॉपर्टी

सामने आए डॉक्यूमेंट्स के अनुसार, कोलकाता के पॉश इलाकों जैसे बरैकपुर ट्रंक रोड स्थित ऑर्बिट ल्यूमियर, गरियाहाट रोड पर स्थित समिरन को-ऑपरेटिव हाउसिंग सोसायटी, बेहला के बेचराम चर्टजी रोड स्थिति साईं भवन जैसी अचल संपत्तियों के जॉइंट ओनिरशिप हैं।

इसके अलावा कोलकाता के डी गुप्ता लेन, धर्मतला रोड, देवेंद्र घोष रोड, सर्वे पार्क, कालीपद मुखर्जी रोड औऱ मोतीलाल गुप्ता रोड की संपत्तियों का ‘एक्टिव’ स्टेटस है। इनमें से अधिकतर संपत्तियों के अलग-अलग मोबाइल नंबर भी दर्ज हैं। इनमें से कई संपत्ति ऐसी हैं, जिनका रिकॉर्ड और टैक्स डिटेल स्पष्ट नहीं है।

सीएम शुभेंदु अधिकारी ने संपत्ति की जाँच के दिए थे आदेश

बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि बीजेपी सरकार इन 43 संपत्तियों के स्वामित्व के विवरण की गहन जाँच कराएगी। उन्होंने कहा कि नगर निगम की रिपोर्ट्स से पता चला है कि अभिषेक बनर्जी की स्वामित्व वाली 24 संपत्तियों में से 14 उनकी कंपनी ‘लीपस एंड बाउंड्स’ के नाम पर हैं और 6 उनके पिता के नाम पर पंजीकृत हैं।

बीजेपी नेता शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि उनके पास इन संपत्तियों का पूरा ब्योरा मौजूद है और आने वाले दिनों में और भी जानकारी सामने लाई जाएगी। उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ता के प्रभाव का इस्तेमाल करके संपत्तियाँ बनाई गईं और नियमों की अनदेखी की गई।

सीएम ने कहा कि उन्होंने ही नगर मामलों के विभाग के सचिव और कोलकाता नगर निगम के आयुक्त से 4 व्यक्तियों की संपत्ति का विवरण प्राप्त करने के लिए कहा था। सीएम ने बताया, पहले नंबर पर बेलेघाटा के राजू नस्कर हैं, जिनके पास 18 संपत्तियाँ हैं। दूसरे नंबर पर कस्ब की सोना पप्पू हैं, जिनके पास 24 संपत्तियाँ हैं। तीसरे नंबर पर ममता बनर्जी का भतीजा अभिषेक बनर्जी है।

अभिषेक बनर्जी की माँ लता बनर्जी को नगर निगम का नोटिस

बता दें कि कोलकाता नगर निगम (KMC) ने कालीघाट रोड स्थित 121, कालीघाट रोड को लेकर अभिषेक बनर्जी की माँ लता बनर्जी को नोटिस जारी किया है।  निगम के अनुसार भवन में स्वीकृत नक्शे से अलग निर्माण किया गया है, जो नगर निगम अधिनियम 1980 के नियमों का उल्लंघन है। नोटिस में भवन के इसी अवैध हिस्से को हटाने को कहा है। निगम ने साफ किया है कि संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर प्रशासन खुद कार्रवाई कर सकता है।