पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के निजी सहायक (PA) चंद्रनाथ रथ की हत्या मामले में पुलिस ने तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। ये गिरफ्तारियाँ उत्तर प्रदेश और बिहार से की गईं हैं। गौरतलब है कि 6 मई की रात गाड़ी में बैठे चंद्रनाथ रथ की गोली मारकर निर्मम हत्या कर दी गई थी।
NDTV की रिपोर्ट के मुताबिक, बिहार के बक्सर जिले से पश्चिम बंगाल STF ने विशाल श्रीवास्तव नामक हिस्ट्रीशीटर को गिरफ्तार किया है। विशाल को बिहार पुलिस की मदद से बक्सर के मुफस्सिल पुलिस स्टेशन से पकड़ा गया है। विशाल पर 15 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं जिनमें हत्या, लूट और डकैती के मामले भी शामिल हैं। विशाल को बंगाल पुलिस कोलकाता ले गई है।
वहीं, इस मामले में राज सिंह और मयंक को भी गिरफ्तार किया गया है। बलिया का रहने वाला राज सिंह अयोध्या में छिप कर रह रहा था और कोलकाता और अयोध्या पुलिस के ज्वाइंट ऑपरेशन के बाद उसे गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस को मिला अहम सुराग
चंद्रनाथ रथ की हत्या मामले के जाँच कर रही पुलिस को हावड़ा के एक टोल प्लाजा पर हमलावरों द्वारा किए गए UPI भुगतान के तौर पर एक अहम सुराग मिला है जिससे एक संदिग्ध के मोबाइल नंबर की पहचान हुई। हत्या में इस्तेमाल की गई कार हमले से कुछ ही समय पहले बल्ली टोल प्लाजा से गुजरी थी और उसमें बैठे लोगों ने UPI के माध्यम से टोल का भुगतान किया था। टोल प्लाजा के CCTV फुटेज में वाहन और उसमें सवार लोगों की तस्वीरें भी रिकॉर्ड हुई हैं।

