बंगाल चुनावी हिंसा के मामलों में एक्शन में BJP सरकार, TMC नेता शमीम अहमद समेत 3 को मुंबई से लाया गया हावड़ा: कोर्ट में पेशी के बाद पूछताछ जारी

चुनाव बाद हिंसा के मामले में पश्चिम बंगाल में एक्शन जारी है। राज्य के शिवपुर चौरा बस्ती में चुनाव के बाद हुई हिंसा की घटना के सिलसिले में मुंबई में गिरफ्तार 3 लोगों को हावड़ा लाया गया है। इन लोगों में TMC नेता शमीम अहमद उर्फ ​​’बड़े’ भी शामिल है।

पुलिस के मुताबिक, 7 मई को तृणमूल नेता शमीम अहमद और दूसरे के नेतृत्व में करीब 150 लोगों ने भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के हावड़ा जिला अध्यक्ष सिकंदर खान के शिवपुर स्थित घर पर हमला किया था। इस दौरान इन लोगों ने देशी बम फेंके और अंधाधुँध गोलीबारी की। इस दौरान चार लोग घायल हो गए थे। इस मामले में टीएमसी नेता समेत तीनों आरोपितों को ट्रांजिट रिमांड पर हावड़ा लाया गया है।

दरअसल टीएमसी नेता शमीम अहमद के घर में तलाशी के दौरान 12 मई 2026 को एक गुप्त तहखाना मिला था। चार मंजिला इमारत के भीतर का नजारा काफी भव्य था। इस दौरान पुलिस को गुप्त ठिकाना मिला। स्थानीय लोग उसे शिवपुर का डॉन मानते हैं। वह टीएमसी के पूर्व मंत्री अरूप राय का करीबी बताया जाता है।

कौन-कौन अब तक हुए गिरफ्तार

चुनाव बाद हिंसा में पकड़े गए लोगों में कई स्थानीय टीएमसी कार्यकर्ताओं और नेताओं की गिरफ्तारी हुई है। कैनिंग इलाके में TMC नेता अरित्र बोस को बीजेपी कार्यकर्ता पर गोली चलाने के आरोप में गिरफ्तार किया गया। हावड़ा के जगतबल्लभपुर में 2021 विधानसभा चुनाव के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं पर हमले के आरोप में ग्राम पंचायत उपप्रधान गुरुपद माझी और उसके भाई राजू माझी को गिरफ्तार किया गया। हुगली में दादपुर के तृणमूल पंचायत सदस्य अलताब हुसैन मलिक को भी चुनाव बाद हिंसा मामले में पकड़ा गया। अलग अलग मामलों में अब तक करीब 70 टीएमसी के नेताओं और कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया जा चुका है।