कर्नाटक के बेंगलुरु में ऑटो ड्राइवर ने एक महिला को उसके पहनावे पर भद्दी गालियाँ दीं और रेप की धमकी तक दे डाली। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म रेडिट पर एक यूजर ने बताया कि यह घटना शनिवार (8 नवंबर 2025) की दोपहर करीब 3 बजे इंदिरानगर इलाके में हुई।
महिला अपने बॉयफ्रेंड के साथ सड़क पर थी जब एक ऑटो ड्राइवर अचानक उनके पास आकर चिल्लाने लगा। उसने महिला की छोटी स्कर्ट पर आपत्ति जताई और उसके बॉयफ्रेंड से कहा, “अगर वह ऐसे कपड़े पहनेगी तो लोग उसका रेप करेंगे, मैं भी करूँगा।”
महिला ने बताया कि ड्राइवर एक बूढ़ा व्यक्ति था, जिसके बाल सफेद थे। उसके जाने के बाद महिला ने रेडिट पर पोस्ट लिखते हुए बाकी महिलाओं को सतर्क रहने की सलाह दी। हालाँकि, वह ऑटो का नंबर या वीडियो रिकॉर्ड नहीं कर सकी।
रेडिट पोस्ट के बाद सोशल मीडिया पर लोगों में आक्रोश फैल गया। कई यूजर्स ने घटना की निंदा करते हुए कहा कि ऐसे लोगों पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। पुलिस फिलहाल महिला की पोस्ट का संज्ञान लेकर जाँच शुरू करने की तैयारी में है।

