क्लास में बाँटी चॉकलेट, फिर प्यार का इजहार: बेंगलुरु के मेडिकल कॉलेज में प्रोफेसर मोहम्मद ने छात्रा को सरेआम किया ‘प्रपोज’, भड़की लड़की ने चप्पल से धुना

बेंगलुरु के नेलमंगला स्थित श्री सिद्धार्थ इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (SSIMS) बुधवार (25 मार्च 2026) को अखाड़ा बन गया। यहाँ एक प्रोफेसर की क्लासरूम के अंदर की गई अजीबोगरीब हरकत ने भारी बवाल खड़ा कर दिया। आरोपित प्रोफेसर ‘मोहम्मद’ ने पूरी क्लास के सामने एक छात्रा को प्रपोज कर दिया और दावा किया कि लड़की भी उससे प्यार करती है। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है।

क्लास में बाँटी चॉकलेट, फिर किया प्यार का इजहार

वीडियो के मुताबिक, प्रोफेसर मोहम्मद हाथ में चॉकलेट का डिब्बा लेकर क्लास में दाखिल हुआ। उसने छात्रों से कहा कि बैच की एक छात्रा ने उन्हें प्रपोज किया है और वह भी उससे प्यार करते हैं।

हद तो तब हो गई जब प्रोफेसर ने इस ‘खुशी’ में पूरी क्लास में चॉकलेट बँटवाना शुरू कर दिया। छात्रा ने तुरंत इस पर कड़ा विरोध जताया और प्रोफेसर मोहम्मद से पूछा कि उसने कब प्रपोज किया? इस पर प्रोफेसर ने बेशर्मी से पलटकर पूछा, “क्या तुमने नहीं कहा था ‘आई लव यू मोहम्मद‘?”

CCTV का दावा पड़ा भारी, छात्रा ने सिखाया सबक

प्रोफेसर मोहम्मद ने अपना पक्ष मजबूत करने के लिए दावा किया कि उसके पास इस बात के CCTV फुटेज भी हैं। छात्रा ने जब चुनौती देते हुए फुटेज दिखाने को कहा, तो प्रोफेसर अगले दिन बात करने का बहाना बनाकर क्लास से बाहर निकलने लगा।

प्रोफेसर मोहम्मद की इस हरकत से नाराज छात्रा और अन्य छात्र उनके पीछे भागे। कैंपस में ही गुस्से से लाल छात्रा ने प्रोफेसर को चप्पल से पीटना शुरू कर दिया। देखते ही देखते अन्य छात्र भी जमा हो गए और प्रोफेसर की जमकर धुनाई कर दी।

पुलिस और कॉलेज प्रशासन का रुख

यह मामला बेंगलुरु ग्रामीण के नेलमंगला ग्रामीण पुलिस स्टेशन तक पहुँच गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि उन्होंने वायरल वीडियो का संज्ञान लिया है, लेकिन अभी तक न तो छात्रा की तरफ से और न ही प्रोफेसर की तरफ से कोई आधिकारिक शिकायत दर्ज कराई गई है। कॉलेज प्रशासन भी इस मामले की आंतरिक जाँच कर रहा है। फिलहाल कैंपस में तनावपूर्ण शांति बनी हुई है।