कर्नाटक की कॉन्ग्रेस सरकार ने AAP लिंक वाली CJP को नहीं दी भीड़ जुटाने की इजाजत, बेंगलुरु में ह्यूमन चेन बनाना चाहते थे ‘कॉकरोच’

बेंगलुरु पुलिस ने सोशल मीडिया पर ‘कॉकरोच जनता पार्टी कर्नाटक’ के नाम से वायरल हो रहे एक मैसेज को लेकर लोगों को चेतावनी दी है। इंटरनेट पर 24 मई 2026 को टाउन हॉल के पास एक शांतिपूर्ण मानव श्रृंखला (ह्यूमन चेन) बनाने का दावा किया जा रहा था।

बेंगलुरु पुलिस ने साफ कर दिया है कि इस कार्यक्रम को कोई अनुमति नहीं दी गई है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे टाउन हॉल के पास इकट्ठा न हों। पुलिस कमिश्नर दफ्तर के मुताबिक, ‘कॉकरोच जनता पार्टी कर्नाटक’ नाम की पोस्ट के जरिए लोगों को भारी संख्या में जुटने के लिए कहा गया था।

इस कार्यक्रम के लिए किसी भी संगठन या राजनीतिक दल ने अनुमति नहीं ली थी। इसके अलावा, कार्यक्रम की जगह यानी टाउन हॉल के इस्तेमाल के लिए भी कोई मंजूरी नहीं ली गई थी। इसलिए यह कार्यक्रम पूरी तरह गैर-कानूनी है।

झूठे मैसेज आगे न भेजने की सख्त हिदायत

पुलिस ने कहा है कि लोग बिना सोचे-समझे इस मैसेज को आगे शेयर कर रहे हैं। इससे शहर की कानून-व्यवस्था बिगड़ सकती है। पुलिस ने लोगों को फेसबुक, व्हाट्सऐप, इंस्टाग्राम और ‘X’ जैसे प्लेटफॉर्म पर इस पोस्ट को शेयर न करने की सलाह दी है।

हाई कोर्ट के आदेश का दिया हवाला

पुलिस ने इस मामले में कर्नाटक हाई कोर्ट के पुराने आदेश की याद दिलाई है। कोर्ट के नियमों के मुताबिक, बेंगलुरु में किसी भी तरह का विरोध प्रदर्शन या रैली सिर्फ ‘फ्रीडम पार्क’ में ही की जा सकती है। टाउन हॉल या किसी दूसरी जगह पर बिना इजाजत प्रदर्शन करना अदालत के आदेश का उल्लंघन माना जाएगा।

क्या है यह ‘कॉकरोच जनता पार्टी’?

यह दरअसल एक व्यंग्यात्मक राजनीतिक संगठन है। इसे आम आदमी पार्टी के पूर्व कार्यकर्ता अभिजीत दिपके ने शुरू किया था। यह नाम तब चर्चा में आया था, जब भारत के मुख्य न्यायाधीश की एक टिप्पणी को लेकर सोशल मीडिया पर बहस छिड़ गई थी। बाद में साफ हुआ कि उस टिप्पणी को गलत तरीके से पेश किया गया था, लेकिन तब तक यह नाम सोशल मीडिया पर काफी मशहूर हो चुका था।