बेंगलुरु में रैपिडो ड्राइवर की महिला पैसेंजर के साथ गंदी हरकत, बार-बार पैर पर लगाता रहा हाथ: सोशल मीडिया पोस्ट में युवती ने बताई आपबीती, हुआ अरेस्ट

कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में एक युवती ने रैपिडो बाइक टैक्सी ड्राइवर पर यात्रा के दौरान छेड़छाड़ का गंभीर आरोप लगाया है। यह घटना गुरुवार शाम (6 नवंबर 2025) को शहर के सेंट्रल इलाके में हुई। पीड़िता ने घटना की जानकारी इंस्टाग्राम पर साझा की, जिसके बाद मामला सामने आया।

युवती ने घटना की जानकारी देते हुए अपनी पोस्ट में लिखा, “आज जब मैं चर्च स्ट्रीट से रैपिडो पर अपने PG लौट रही थी, तो ड्राइवर ने मेरे पैर को गंदे तरीके से टच करने की कोशिश की। यह इतना अचानक हुआ कि मुझे कुछ समझ आने से पहले ही उसने फिर से ऐसा किया। मैंने ड्राइवर से पूछा, ‘भैया, क्या कर रहे हो, मत करो’ लेकिन उसने मेरे पैर टच करना बंद नहीं किया।”

उसने बताया, “मैं बेंगलुरु में नई थी। मुझे यह भी नहीं पता था कि हम कहाँ जा रहे हैं और मुझमें बाइक रोकने के लिए कहने की हिम्मत नहीं थी।” उसने बताया कि जब तक वह अपने पीजी पहुँची तब तक वह बहुत डरी हुई थी।

जाते समय भी ड्राइवर ने किए थे इशारे

युवती ने आगे बताया, “इस बीच पास में खड़े एक आदमी ने मुझे घबराया हुआ देखा और पूछा कि क्या हुआ? मैंने उसे घटना के बारे में बताया तो उसने ड्राइवर से पूछताछ की। इस पर ड्राइवर ने माफी माँगी और कहा कि वह दोबारा ऐसा नहीं करेगा।”

उसने बताया कि ड्राइवर ने जाते समय उसकी तरफ उँगली उठाई। इससे वह और भी असुरक्षित महसूस करने लगी। उसने लिखा, “अब मैं यह इसलिए बता रही हूँ क्योंकि किसी भी महिला को इस अनुभव से नहीं गुजरना चाहिए। न कैब में, न बाइक पर, न कहीं भी। मेरे साथ ऐसा पहली बार नहीं हुआ है लेकिन आज मैं इतनी असुरक्षित महसूस कर रही थी कि चुप नहीं रह सकी। कृपया सावधान रहें।”

युवती की शिकायत के आधार पर विल्सन गार्डन पुलिस स्टेशन में आरोपित के खिलाफ FIR दर्ज की गई। इसके बाद कार्रवाई करते हुए शनिवार (8 नवंबर 2025) की देर शाम आरोपित को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपित ड्राइवर ने कहा, “मैं पीठ दर्द से पीड़ित था, मैं सिर्फ अपनी पीठ को रगड़ने की कोशिश कर रहा था क्योंकि उसमें दर्द हो रहा था।”

इस घटना पर रैपिडो की भी प्रतिक्रिया आई है। कंपनी ने कहा है, “हमें आपकी हालिया यात्रा के दौरान कैप्टन के अशिष्ट व्यवहार के बारे में सुनकर दुख हुआ।” कंपनी ने मामले की विस्तार से जाँच करने के लिए कुछ समय की माँग की है और अस्थाई रुप से ड्राइवर को सस्पेंड कर दिया है।