प्रगति मैदान के भारत मंडपम में आयोजित ‘इंडिया AI इम्पैक्ट समिट’ के दौरान सुरक्षा घेरा तोड़ने के आरोप में दिल्ली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने इंडियन यूथ कॉन्ग्रेस (IYC) के अध्यक्ष उदय भानु चिब समेत 8 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है।
सुरक्षा में सेंध लगाने की इस कोशिश के दौरान कई पुलिसकर्मी घायल भी हुए हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए तिलक मार्ग थाने में दर्ज FIR में दंगा करने और भड़काने से जुड़ी भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 191(1) और 192 भी जोड़ दी गई हैं।
पुलिस जाँच में इस पूरी घटना के पीछे एक गहरा और पूर्वनियोजित षडयंत्र सामने आया है। स्पेशल सीपी देवेश श्रीवास्तव के मुताबिक, आरोपितों को इस काम के लिए बाहर से आर्थिक और लॉजिस्टिक मदद मिल रही थी।
चूँकि इस मामले के तार अन्य राज्यों से जुड़े हैं, इसलिए अब इसकी जाँच क्राइम ब्रांच की ‘इंटर स्टेट सेल’ को सौंप दी गई है। पुलिस का मानना है कि यह अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश की छवि खराब करने की कोशिश थी। फिलहाल गिरफ्तार पदाधिकारियों से रिमांड में पूछताछ की जा रही है ताकि साजिश के मास्टरमाइंड तक पहुँचा जा सके।

