‘काँवड़ियों पर ट्रक चढ़वाना, बता देंगे हादसा है’: भीम आर्मी जिलाध्यक्ष का ऑडियो क्लिप वायरल, 2027 की शिवरात्रि को मातम में बदलने की थी साजिश; पुलिस जाँच में जुटी

उत्तर प्रदेश के हाथरस में हिंदुओं के खिलाफ एक बड़ी साजिश का पर्दाफाश होने का दावा किया गया है। सोशल मीडिया पर एक ऑडियो क्लिप वायरल हुई है, जिसमें कथित तौर पर साल 2027 की शिवरात्रि के दौरान हजारों काँवड़ियों को ट्रक से कुचलवाने के प्लान पर चर्चा की जा रही है।

वायरल ऑडियो में हाथरस के भीम आर्मी जिलाध्यक्ष प्रकाश चंद्र गौतम एक राष्ट्रीय पदाधिकारी से बातचीत करते सुने जा रहे हैं। ऑडियो में स्पष्ट रूप से कहा गया है कि जितने भी काँवड़िए आएँ, उन पर चार से छह ट्रक चढ़ा दिए जाएँ ताकि घटना को हादसे का रूप दिया जा सके। इसमें SC-ST एक्ट के नाम पर 2 लाख रुपए की माँग का भी जिक्र है।

राष्ट्रीय सवर्ण परिषद (RSP) के चीफ पंकज धबरैय्या ने ‘एक्स’ (पहले ट्विटर) पर इस साजिश का खुलासा किया। उन्होंने हाथरस के सीओ से मामले की गहन जाँच करने और भीम आर्मी जिलाध्यक्ष पर कड़ी कार्रवाई करने की माँग की है।

RSP हाथरस के जिलाध्यक्ष अतुल ने पत्र लिखकर चेतावनी दी है कि यदि आरोपित पर कार्रवाई नहीं होती है, तो पूरे प्रदेश में आंदोलन शुरू किया जाएगा। यह ऑडियो क्लिप एक ‘सनातनी दलित’ द्वारा वायरल किए जाने का दावा किया गया है। पुलिस ने मामले की जाँच शुरू कर दी है।