नवरात्र में भोपाल को सुलगाने की साजिश, काली मंदिर के सामने बोरे में मिला गोवंश अवशेष- सिर था गायब: भड़के हिंदुओं ने किया चक्काजाम, कार्रवाई की माँग

मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के तलैया थाना क्षेत्र में रविवार (22 मार्च 2026) की देर रात काली मंदिर के सामने एक सफेद बोरे में गौवंश के अवशेष मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही जय माँ भवानी हिंदू संगठन के कार्यकर्ता मौके पर पहुँचे और कार्रवाई की माँग को लेकर हाईवे पर चक्काजाम कर दिया।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, प्रदर्शनकारियों ने सड़क पर बैठकर प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की और आरोप लगाया कि क्षेत्र में लगातार ऐसी घटनाएँ हो रही हैं लेकिन प्रशासन ठोस कार्रवाई नहीं कर रहा।

संगठन के प्रमुख भानू हिंदू ने कहा, “बोरे में गोवंश की गर्दन कटी हुई थी जिससे जाहिर होता है कि गाय का कत्ल किया गया है। सीसीटीवी फुटेज खंगाले जाएँ और आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाए। अगर कार्रवाई नहीं हुई तो संपूर्ण हिंदू समाज सड़कों पर प्रदर्शन करेगा।” उन्होंने इसे सामाजिक माहौल खराब करने की कोशिश बताया। प्रदर्शन लगभग डेढ़ घंटे तक चला।

मौके पर हिंदू उत्सव समिति के अध्यक्ष चंद्रशेखर तिवारी भी पहुँचे। उन्होंने घटना को नवरात्रि के दौरान शहर का माहौल खराब करने की साजिश करार दिया और पुराने शहर में देर रात दुकानों पर आपत्ति जताई। प्रदर्शनकारियों ने दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की माँग रखी।

पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी और भारी बल मौके पर पहुँचे और एडिशनल डीसीपी शैलेंद्र सिंह चौहान ने उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। पुलिस के मुताबिक रात करीब 11 बजे डिवाइडर पर बोरी मिली जिसमें अवशेष थे।

पुलिस ने भानू हिंदू की शिकायत पर अज्ञात आरोपितों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जाँच चल रही है। प्रदर्शन समाप्त होने के बाद यातायात बहाल हो गया लेकिन इलाके में तनाव बना हुआ है।