बिहार विधानसभा चुनाव के रुझानों में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) 200 से अधिक सीटों पर प्रचंड जीत की ओर बढ़ रहा है, वहीं सीमांचल क्षेत्र से चौंकाने वाली खबर सामने आई है। इस क्षेत्र में, जहाँ करीब 70% आबादी मुस्लिम समुदाय की है, असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) ने बड़ा उलटफेर कर दिया है।
सीमांचल की कुल 24 सीटों में से AIMIM 6 सीटों पर जीत के करीब है, जोकीहाट, अमोर, ठाकुरगंज, बहादुरगंज, बैसी और कोचाधामन सीटों पर उसके उम्मीदवार हजारों वोटों से आगे चल रहे हैं। पिछले चुनाव में भी पार्टी ने 5 सीटें जीती थीं।
AIMIM का यह प्रदर्शन महागठबंधन, खासकर RJD के लिए बड़ा झटका है। ओवैसी ने पहले ही तेजस्वी यादव पर तंज कसते हुए कहा था कि जब उनकी पार्टी सीमांचल में पूरी ताकत से लड़ेगी तो कोई यह न कहे कि ‘मम्मी-मम्मी हमसे चॉकलेट छीन ली।’ ओवैसी ने RJD से केवल 6 सीटों की माँग की थी, जिसे ठुकरा दिया गया था और अब वह उन्हीं सीटों पर अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं।
क्षेत्र में ओवैसी की पार्टी के प्रभाव के बावजूद, NDA भी सीमांचल में शानदार प्रदर्शन कर रही है और कम से कम 18 सीटों पर आगे चल रही है, जिससे महागठबंधन का सूपड़ा साफ होता दिख रहा है।

