लालू यादव ने छठ पर 12000 ट्रेन चलाए जाने को बताया झूठ तो रेलवे ने किया फैक्ट चेक, कहा- आपके रेल मंत्री रहे केवल 178 विशेष ट्रेनें चलीं: PIB जारी कर चुका है 12011 ट्रेनों की सूची

बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और आरजेडी के सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव के छठ में रेलगाड़ियाँ ना चलाने को लेकर किए गए दावे को रेलवे ने गलत बता दिया है। दरअसल, लालू यादव ने X पर एक पोस्ट में लिखा था, “झूठ के बेताज बादशाह और जुमलों के सरदार ने शेखी बघारते हुए कहा था कि देश की कुल 13,198 ट्रेनों में से 12,000 रेलगाड़ियाँ छठ पर्व के अवसर पर बिहार के लिए चलाई जाएँगी। यह भी सफेद झूठ निकला।”

लालू प्रसाद ने आगे लिखा, “20 सालों की एनडीए सरकार में पलायन का दंश झेल रहे बिहारियों के लिए लोक आस्था के महापर्व छठ पर भी ये लोग रेलगाड़ियाँ ढंग से नहीं चलवा सकते। मेरे बिहारवासियों को अमानवीय तरीके से ट्रेनों में सफर करना पड़ रहा है। कितना शर्मनाक है?” लालू ने NDA पर बिहार विरोधी होने का आरोप भी लगा दिया। लालू यादव के इन आरोपों के बाद रेलवे ने लालू के दावों का फैक्ट चेक कर झूठ की हवा निकाल दी।

रेलवे फैक्ट चेक ने लालू यादव के पोस्ट पर जवाब देते हुए लिखा, “लालू प्रसाद यादव के रेलमंत्री कार्यकाल में वर्ष 2004 में छठ पूजा के लिए 178 विशेष ट्रेनें चलाई गई थीं।” रेलवे ने आगे बताया, “वर्तमान सरकार के दौरान 12,000 से अधिक विशेष ट्रेनें सभी ज़ोनों में संचालित की गईं ताकि हर यात्री सुरक्षित रूप से अपने घर पहुँच सके।”

केवल लालू यादव ही नहीं बल्कि लोकसभा में विपक्ष के नेता और कॉन्ग्रेस सांसद राहुल गाँधी ने भी ऐसा ही दावा किया है। राहुल गाँधी ने X पर एक पोस्ट में लिखा, “बिहार जाने वाली ट्रेनें ठसाठस भरी हैं, टिकट मिलना असंभव है, और सफ़र अमानवीय हो गया है।कहां हैं 12,000 स्पेशल ट्रेनें? क्यों हालात हर साल और बदतर ही होते जाते हैं।”

इससे पहले कॉन्ग्रेस ने भी रेलवे को लेकर झूठ फैलाने की कोशिश की थी। कॉन्ग्रेस ने X पर एक वीडियो शेयर किया था जिसमें भीड़ से खचाखच भीर ट्रेन दिखाई गई थीं। भारतीय रेलवे ने इसे पुरानी वीडियो बताते हुए कॉन्ग्रेस द्वारा भ्रम फैलाए जाने का दावा किया था।

साथ ही, PIB ने भी फैक्ट-चेक कर कहा कि कॉन्ग्रेस ने 12,000 विशेष ट्रेनों के वर्तमान संचालन को लेकर भ्रम फैलाया।

इसके अलावा PIB ने उन 12000 ट्रेनों की सूची भी जारी की थी रेलवे द्वारा खास तौर पर चलाई जा रही हैं। PIB द्वारा जारी की गई सूची में 12,011 ट्रेनों की लिस्ट हैं।