बिहार के मधुबनी जिले से मदरसा संचालक 50 साल के मौलाना इजहार-उल-हक को गिरफ्तार किया गया है। इजहार को पाकिस्तानी एजेंट बताया जा रहा है, जो बिहार में स्लीपर सेल तैयार कर रहा था। उसकी गिरफ्तारी बिहार ATS और स्थानीय पुलिस ने 5 राज्यों में सामने आए कट्टरपंथी मॉड्यूल के तहत की है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, मधुबनी जिले के पंडौल थाना क्षेत्र में किराए के मकान में रहने वाला इजहार मदरसा चलाता था। उसका परिवार उसके साथ नहीं रहता है। उसके फोन से भड़काऊ वीडियो भी मिले हैं। इनमें भारत में शरीयत कानून लागू करने के भी वीडियो शामिल हैं। वह कट्टरपंथी मॉड्यूल की फंडिंग का काम देखता था।
इजहार को भाओड़ा गाँव की मस्जिद से गिरफ्तार कर मधुबनी कोर्ट में पेश किया गया, जहाँ से मध्य प्रदेश ATS ने उसे 20 जून 2026 तक ट्रांजिट रिमांड पर लिया है। बुधवार (17 जून 2026) को उसे भोपाल लेकर जाया जाएगा।
दरअसल, कट्टरपंथी मॉड्यूल में इजहार की छठी गिरफ्तारी है। इजहार को भोपाल के काजीकैंप से पकड़े गए कट्टरपंथी मोहम्मद फराज उर्फ खालिद से पूछताछ के बाद धरा गया है। इससे पहले सहारनपुर से नईम अब्दुल्ला, राजस्थान के अलवर से शाकिर मेव और धार जिले से हाजी अजहर को गिरफ्तार किया गया। इसके बाद हरियाणा के नूहं से शाकिर को भी इसी मॉड्यूल के तहत दबोचा गया था।

