पाकिस्तान के नंबरों से वॉट्सऐप पर बातचीत, मिले कई संदिग्ध QR कोड: बिहार पुलिस ने खुर्शीद आलम को किया गिरफ्तार, जाँच शुरू

बिहार के पश्चिमी चंपारण जिले के बेतिया में पुलिस ने पाकिस्तान से जुड़े संदिग्ध वॉट्सऐप चैट के मामले में 25 वर्षीय खुर्शीद आलम को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपित के मोबाइल फोन में पाकिस्तान के फोन नंबरों के साथ बातचीत और कई क्यूआर कोड मिलने के बाद यह कार्रवाई की गई।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि गुरुवार (5 मार्च 2026) को गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने मझौलिया थाना क्षेत्र में मझौलिया शुगर मिल के पास से आरोपित को पकड़ा। तलाशी के दौरान पुलिस ने उसके पास से तीन ATM कार्ड और दो मोबाइल फोन बरामद किए।

मोबाइल फोन की जाँच की गई तो उसमें पाकिस्तान के फोन कोड +92 वाले कई नंबरों के साथ वॉट्सऐप चैट मिले। इतना ही नहीं चैट हिस्ट्री में पाकिस्तानी नंबरों के साथ कई क्यूआर कोड भी पाए गए हैं, जिससे मामला संदिग्ध माना जा रहा है।

पुलिस ने बताया कि फिलहाल आरोपित के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और उससे पूछताछ की जा रही है। साथ ही चैट और क्यूआर कोड की भी विस्तृत जाँच की जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि आरोपित किन लोगों के संपर्क में था और इन बातचीत का उद्देश्य क्या था।