बिहार के विकास के लिए हर प्रयास किया… आखिरी कैबिनेट बैठक में भावुक हुए नीतीश: सामने आई तस्वीरें

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मंगलवार (14 अप्रैल 2026) को अपनी कैबिनेट के साथ आखिरी बैठक की अध्यक्षता की। अनुमान है कि वह आज शाम मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे देंगे। अपनी आखिरी कैबिनेट बैठक में नीतीश कुमार ने करीब 6 मिनट का संबोधन दिया और इस दौरान वह भावुक नजर आए। 2005 से अब तक के अपने कार्यकाल को याद करते हुए कहा कि उन्होंने अपनी क्षमता के अनुसार बिहार के विकास के लिए हर संभव प्रयास किया।

NDTV की रिपोर्ट के मुताबिक, सीएम नीतीश ने अपने भाषण में सरकार की प्रमुख योजनाओं और विकास कार्यों का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि बीते वर्षों में बिहार को नई दिशा देने की कोशिश की गई और उम्मीद जताई कि आने वाले समय में भी विकास की यह गति जारी रहेगी। साथ ही उन्होंने यह भी भरोसा दिलाया कि नई सरकार को उनका मार्गदर्शन आगे भी मिलता रहेगा।

कैबिनेट बैठक के बाद मौजूद मंत्रियों और विधायकों ने भी इस पल को बेहद भावुक बताया। राज्य मंत्री लेशी सिंह ने कहा कि यह दिन उनके लिए गर्व और भावनाओं से भरा हुआ है। वहीं मंत्री रामकृपाल यादव ने कहा कि बैठक में मौजूद हर व्यक्ति की आंखें नम थीं और मुख्यमंत्री ने सभी के प्रति आभार जताया।

बीजेपी विधायक लाखेंद्र कुमार रौशन ने कहा कि नीतीश कुमार ने स्पष्ट किया है कि वे आगे भी सरकार को मार्गदर्शन देते रहेंगे। जदयू विधायक मोहम्मद जमा खान ने भी कहा कि बिहार की जनता उन्हें हमेशा याद रखेगी और वे राज्य के लिए अभिभावक जैसे रहे हैं।

गौरतलब है कि नीतीश कुमार ने 20 साल तक बिहार का नेतृत्व किया और बीते 10 अप्रैल को उन्होंने राज्यसभा के सांसद के रूप में शपथ ले ली है। नीतीश के पद छोड़ने के बाद बीजेपी को बिहार में अपना पहला मुख्यमंत्री मिलने जा रहा है और ऐसे में बिहार के डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी को मुख्यमंत्री बनाए जाने की अटकलें लग रही हैं। वहीं, नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार को उप-मुख्यमंत्री बनाया जा सकता है।