दलित परिवार पर था भाजपा को ‘वोट’ देने का शक, भड़के RJD गुंडो ने घर के 3 लोगों को बेरहमी से पीटा: भाजपा नेता बोले- यही है इनका दलित विरोधी चेहरा

बिहार विधानसभा के पहले फेज की वोटिंग के बाद गोपालगंज जिले के बैकुंठपुर क्षेत्र से एक दलित परिवार को बेरहमी से पीटा गया। सिधवलिया थाना क्षेत्र के बुचेया गाँव के इस दलित परिवार पर दबंगों को शक था कि इसने बीजेपी को वोट दिया होगा। पीड़ितों के अनुसार, वोट देकर घर लौटने के दौरान कुछ लोगों ने उन्हें रोक लिया और बीजेपी को वोट देने का आरोप लगाते हुए पिटाई कर दी।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, इस हमले में तीन लोग घायल हुए हैं, जिन्हें इलाज के लिए गोपालगंज सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पीड़ितों का कहना है कि हमलावरों में अखिलेश यादव, विशाल यादव समेत कई लोग शामिल थे। घटना के बाद पूरे परिवार में दहशत का माहौल है।

इस मामले पर एसडीपीओ राजेश कुमार ने बताया कि बैकुंठपुर विधानसभा क्षेत्र में मतदान समाप्त होने के बाद तीन अलग-अलग जगहों, बंगरा, देवकुली और बुचेया में मारपीट की घटनाएँ दर्ज की गई हैं। सभी मामलों में अलग-अलग पक्षों ने शिकायत दी है, जिनमें RJD समर्थकों पर हमला करने का आरोप लगाया गया है।

पुलिस ने घायलों के बयान दर्ज कर जाँच शुरू कर दी है। वहीं, इस घटना पर बीजेपी सांसद राजीव प्रताप रूडी ने RJD पर निशाना साधते हुए कहा है, “राष्ट्रीय जनता दल (RJD)  दलित, अति पिछड़ा और गरीब विरोधी पार्टी है, यही चेहरा लालू जी का है।”

वहीं बीजेपी प्रत्याशी मिथिलेश तिवारी ने भी सदर अस्पताल पहुँचकर घायलों से मुलाकात कर घटना की जानकारी ली। उन्होंने आरोप लगाया कि RJD विधायक प्रेम शंकर यादव की संभावित हार से हताश होकर उनके समर्थकों ने बीजेपी समर्थकों पर हमला किया है। फिलहाल पुलिस इलाके में सक्रिय है, लेकिन घटना के बाद तनाव का माहौल बना हुआ है।