बिहार विधानसभा चुनाव में करारी हार के बाद कॉन्ग्रेस अब ‘वोट चोरी’ और चुनाव प्रक्रिया में कथित गड़बड़ी (SIR) के मुद्दे पर बड़े आंदोलन की तैयारी में है। पार्टी ने फैसला लिया है कि शीतकालीन सत्र के दौरान 14 दिसंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में एक बड़ी रैली आयोजित की जाएगी। इस रैली में राहुल गाँधी, मल्लिकार्जुन खरगे और प्रियंका गाँधी मौजूद रहेंगे।
बिहार की हार के बाद दिसंबर में हल्ला बोल
जानकारी के अनुसार, बिहार चुनाव में मिली करारी हार के बाद कॉन्ग्रेस ने दो दिन पहले एक समीक्षा बैठक बुलाई थी। इस बैठक में हार का ठीकरा ‘वोट चोरी’ और SIR प्रक्रिया में गड़बड़ी पर फोड़ा गया।
अब इसी मुद्दे पर दबाव बनाने के लिए 14 दिसंबर 2025 को दिल्ली के रामलीला मैदान में एक बड़ी रैली आयोजित की जाएगी। रैली में राहुल गाँधी, मल्लिकार्जुन खरगे और प्रियंका गाँधी मुख्य रूप से शामिल होंगे। इस मुद्दे पर चलाए गए हस्ताक्षर अभियान के कागजात भी रैली के बाद राष्ट्रपति को सौंपे जाएँगे।
बिहार में हार, बीजेपी पर वार
बैठक में नेताओं ने संगठन की कमजोरी पर भी सवाल उठाए, जैसे कि यूपी और बिहार जैसे राज्यों में बीएलए (बूथ लेवल एजेंट) की कमी। हालाँकि, पार्टी अभी भी बिहार की हार के लिए बीजेपी और चुनाव आयोग को दोषी ठहरा रही है।
वहीं दूसरी ओर, इंडिया गठबंधन के सहयोगी दल (जैसे TMC, सपा, शिवसेना) कॉन्ग्रेस के खराब प्रदर्शन और कमजोर नेतृत्व से नाराज हैं, जिससे गठबंधन में आंतरिक कलह बढ़ गई है। संसद सत्र से पहले यह रैली कॉन्ग्रेस के लिए अपनी ताकत दिखाने का बड़ा मौका है।

