बिहार चुनाव में हार पर प्रशांत किशोर को याद आए इमरान खान: राजनीति छोड़ने के सवाल पर भड़के, कहा- किस पद पर हूँ जो इस्तीफा दे दूँ

बिहार चुनाव के नतीजों के बाद जनसुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर पहली बार मीडिया के सामने आए। प्रशांत किशोर ने साफ कहा कि पार्टी की करारी हार की 100% जिम्मेदारी उनकी है, लेकिन पीछे हटने का सवाल ही नहीं उठता। प्रशांत किशोर ने पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान का उदाहरण देते हुए कहा कि उन्होंने भी राजनीति की शुरुआत में सातों सीटों से हार का सामना किया था, फिर भी आगे बढ़ते रहे।

जानकारी के अनुसार, प्रशांत किशोर ने कहा,”इमरान खान ने पाकिस्तान में आज से 25-30 साल पहले अपनी पार्टी शुरु की थी। खुद 7 जगह से चुनाव लड़े। उनकी पार्टी भी हारी और वो खुद भी हारे। तो मेरे चुनाव लड़ने या ना लड़ने की एक टैक्नीकल बात है।” इस जानकारी को आप नीचे दी गई वीडियो में सुन सकते हैं, जो 40:46 मिनट से शुरू है।

प्रशांत किशोर ने कहा कि NDA को जनता का जनादेश मिला है, इसलिए अब चुनावी वादे पूरे करना मोदी और नीतीश कुमार की जिम्मेदारी है। राजनीति छोड़ने के सवाल पर वे भड़क गए और बोले, “मैं कौन-से पद पर बैठा हूँ जो इस्तीफा दे दूँ?”

अब प्रशांत किशोर ने चुनौती दी कि अगर सरकार वादे के मुताबिक डेढ़ करोड़ लोगों को दो-दो लाख रुपए दे दे, तो वे राजनीति छोड़ देंगे। प्रशांत किशोर ने कहा कि वे गलत काम करने वाले मंत्रियों के खिलाफ कोर्ट और जनता, दोनों जगह लड़ाई जारी रखेंगे।