‘चारा घोटाले वाले सोचते हैं कि बिहार वालों को चरा जाएँगे’ : नवादा में भी कॉन्ग्रेस-राजद की कुछ यूँ बरसे PM मोदी, पढ़ें बिहारवासियों को क्या-क्या बताया

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बिहार चुनाव प्रचार के दौरान आज दोपहर बाद नवादा में जनसभा की। इस दौरान प्रधानमंत्री ने मगही पान और बनारस को जोड़ते हुए यहाँ के विभूतियों श्रीकृष्ण सिंह, लोकनायक जयप्रकाश नारायण भोला सिंह को याद करते हुए आपने भाषण की शुरुआत की। साथ ही मगध को पुरातन भारत की शान बताया। इसके बाद उन्होंने एक-एक करके जनता के सामने विपक्ष की पोल खोलनी शुरू की।

पीएम नरेंद्र मोदी बोले कि आज़ादी के बाद की सरकारों ने छोटे किसानों के हितों को कभी प्राथमिकता नहीं दी लेकिन ये मोदी है, जिसे कोई नहीं पूछता, मोदी उन्हीं को पूजता है।

उन्होंने बताया , “बीते 11 वर्षों में हमारी सरकार छोटे किसानों को कृषि नीति के केंद्र में लाई है। आजाद भारत में ये पहली बार ऐसा हुआ है। छोटे किसानों के लिए बैंक के दरवाजे तक बंद थे, मोदी ने किसानों के बैंक खाते खुलवाए। आज उसी बैंक खाते में पीएम किसान सम्मान निधि का पैसा जमा होता है। बिहार के किसानों को अब तक क​रीब 30,000 करोड़ रुपये मिल चुके हैं। नवादा का भी आँकड़ा हम सबका गौरव बढ़ाने वाला है। यहाँ के 2 लाख किसानों के खाते में 650 करोड़ रुपए जमा हो चुके हैं…ये सारा पैसा बिना तट कमीशन के किसानों के खाते में जमा हुआ है।”

पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा, “अगर यही जंगलराज वाले होते तो और उनके साथी कॉन्ग्रेस वाले होते तो आपके हक का ये सारा पैसा लूटकर वो अपनी तिजोरी भर लेते। ये मैं नहीं कह रहा हूं बल्कि कॉन्ग्रेस के एक पीएम ने कहा था कि दिल्ली से 1 रुपया निकलता है तो गांव तक पहुंचते-पहुंचते ये 1 रुपया 15 पैसा हो जाता है…।”

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, “बिहार की इस मिट्टी ने आर्यभट्ट जैसे महान गणितज्ञ पैदा किए। बिहार की जनता का अंकगणित भी अच्छा है, और सामान्य ज्ञान में भी उनका कोई मुकाबला नहीं है। ये चारा घोटाले वाले सोचते हैं कि बिहार वालों को चरा जाएँगे, जबकि इनकी रग रग की सच्चाई बिहार की जनता जानती है।”

कॉन्ग्रेस और आरजेडी पर परिवारवाद का आरोप लगाते हुए पीएम मोदी ने कहा, “ये सिर्फ दो परिवारों के ही इर्द-गिर्द सिमटी हुई पार्टियाँ हैं। एक बिहार का सबसे भ्रष्ट परिवार और दूसरा देश का सबसे भ्रष्ट परिवार। अब इन दो परिवारों में ही घमासान छिड़ गया है। जंगलराज के युवराज को लगता है कि कॉन्ग्रेस के युवराज की पैदल यात्रा ने उन्हें ही पैदल कर दिया है।”

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जनता से संवाद करते हुए उन्हें याद दिलाया कि कैसे महागठबंधन ने छठ का अपमान किया है और अपने प्रचार में धमकी भरे लहजे का इस्तेमाल करके वो साफ बता रहे हैं कि वो बिहार को क्या देने वाले हैं।

प्रधानमंत्री ने राजद और कॉन्ग्रेस के बीच चल रही तनातनी पर चुटकी लेते हुए कहा- कॉन्ग्रेस ने जंगलराज के युवराज को पैदल तो किया ही, सीएम पद के नाम पर कॉन्ग्रेस ने हामी तक नहीं भरी। इसके बाद आरजेडी ने भी कॉन्ग्रेस को सबक सिखाने की ठानी और बिहार कॉन्ग्रेस अध्यक्ष के खिलाफ ही अपना उम्मीदवार उतार दिया। ये दोनों दल एक-दूसरे के बाल नोचने में लगे हैं और तो खबर ये है कि हर बूथ पर कॉन्ग्रेस के लोगों ने आरजेडी को हराने की ठान ली है।