बिहार चुनाव में NDA की जीत और एशिया कप राइजिंग टूर्नामेंट में वैभव सूर्यवंशी की धमाकेदार पारी ने समस्तीपुर के एक परिवार की खुशी दोगुनी कर दी। पहली बार वोट करने वाले उज्ज्वल सूर्यवंशी ने भाई की 144 रन की पारी और नीतीश कुमार की जीत को डबल सेलिब्रेशन बताया।
बिहार के समस्तीपुर के 14 साल क्रिकेटर वैभव सूर्यवंशी ने शुक्रवार (14 नवंबर 2025) को एशिया कप राइजिंग टूर्नामेंट में अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से सुर्खियाँ बटोरीं। कतर के दोहा में खेले गए मैच में वैभव ने यूएई के खिलाफ मात्र 42 गेंदों पर 144 रन ठोककर चयनकर्ताओं को जोरदार संदेश दिया कि वे भारतीय क्रिकेट के भविष्य की कतार में मजबूती से खड़े हैं।
उनकी पारी में 11 चौके और 15 छक्के शामिल रहे। यह पुरुष टी-20 क्रिकेट के इतिहास में संयुक्त रूप से पाँचवाँ सबसे तेज शतक और किसी भारतीय द्वारा संयुक्त रूप से दूसरा सबसे तेज शतक है।
यह दिन वैभव के घर वालों के लिए और भी खास इसलिए रहा क्योंकि इसी दिन बिहार विधानसभा चुनाव में नीतीश कुमार के नेतृत्व वाली एनडीए ने 243 में से 202 सीटें जीतकर प्रचंड बहुमत हासिल किया। पहली बार वोट करने वाले वैभव के बड़े भाई उज्ज्वल सूर्यवंशी ने इसी वजह से इसे जादुई शुक्रवार बताया।

