‘जनशक्ति’ का शक्ति प्रदर्शन पड़ा उल्टा, तेज प्रताप यादव पर पुलिस ने दर्ज की FIR: सरकारी आवास में की गई छापेमारी

जनशक्ति जनता दल (JJD) के प्रमुख और महुआ विधानसभा सीट से उम्मीदवार तेज प्रताप यादव पर आदर्श आचार संहिता उल्लंघन का मामला दर्ज किया गया है। आरोप है कि उन्होंने अपने नामांकन के दौरान निजी वाहन पर पुलिस स्टिकर, सायरन और लाइट लगाई थी।

यह मामला वैशाली जिले के महुआ थाने में दर्ज किया गया है। महुआ के अंचलाधिकारी मनी कुमार वर्मा के निर्देश पर FIR की गई। सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में तेज प्रताप यादव की रैली में पुलिस स्टिकर लगी गाड़ी और पार्टी का झंडा लहराते समर्थक दिखे। इस पर चुनाव आयोग ने त्वरित कार्रवाई की माँग की।

आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार, किसी भी उम्मीदवार को चुनाव प्रचार या रैली के लिए पुलिस वाहन या स्कॉर्ट की सुविधा नहीं मिल सकती, क्योंकि यह मॉडल कोड ऑफ कंडक्ट का उल्लंघन है।

विवाद बढ़ने के बाद पुलिस ने तेज प्रताप यादव के सरकारी आवास पर छापेमारी भी की। RJD से निष्कासन के बाद तेज प्रताप ने हाल ही में जनशक्ति जनता दल की स्थापना की थी। उन्होंने 16 अक्टूबर को महुआ सीट से नामांकन दाखिल किया था और अब अपनी नई पार्टी के उम्मीदवार के रूप में चुनाव मैदान में हैं।