बिहार के बेतिया में खत्म हुई PM मोदी की रैली, जनता ने किया वादा- दूसरे चरण में डलेंगे पहले से भी अधिक वोट, लौटकर आएगी NDA सरकार

बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के मतदान से पहले सियासी गर्मी चरम पर है। शनिवार (8 नवंबर 2025) को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बेतिया और सीतामढ़ी में जनसभाओं को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कहा, “अब बिहार में हैंड्सअप कहने वालों के लिए नहीं, स्टार्टअप करने वालों के लिए स्थान है।”

बेतिया के चनपटिया में उन्होंने भीड़ से नारा लगवाया, “नहीं चाहिए कट्टा सरकार, फिर एक बार NDA सरकार।” पीएम मोदी ने कहा कि इतनी बड़ी संख्या में जनता का समर्थन NDA की जीत का संकेत है। अपनी आखिरी चुनावी सभा में बोलते हुए पीएम ने यह वादा लिया कि 11 नवंबर 2025 को बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के मतदान में वे पहले चरण की तुलना में अधिक मत डालेंगे और एक नया रिकार्ड बनाएँगे।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, “बिहार में NDA की विजय विकास की एक बहुत बड़ी ताकत बनने वाली है…मैंने बिहार के सपनों और संकल्पों को लेकर इस चुनाव अभियान में व्यापक चर्चा की है। NDA की डबल इंजन सरकार ने क्या किया है और आगे क्या करने जा रही है, अपना काम और भविष्य का रोडमैप हमने बिहार की जनता के सामने रखा है।”

इस दौरान पीएम ने कहा, “चंपारण सत्याग्रह की ये धरती, संकल्प की धरती है। आज जब हम विकसित बिहार का संकल्प लेकर चले हैं, तो फिर से चंपारण की भूमिका बहुत अहम है। बेतिया का ये जनसैलाब चंपारण का मूड बता रहा है।”

राज्य में अब चुनाव प्रचार अपने अंतिम दौर में है। आज जहाँ पीएम मोदी, अमित शाह और नीतीश कुमार कई जिलों में रैलियाँ कर रहे हैं, वहीं महागठबंधन की ओर से तेजस्वी यादव भी लगातार सभाएँ कर मतदाताओं को साधने में जुटे हैं। उन्होंने कहा कि बिहार को उस जंगलराज से बचाए रखना हम सबकी जिम्मेदारी है, जहाँ हत्याएँ आम थीं, कानून व्यवस्था ठप थी और युवाओं के सपने घुटते थे।