जिसने भी सम्मान को ललकारा, उसका विनाश तय: बहन रोहिणी को घर से ‘निकाले जाने’ पर भड़के तेज प्रताप ने कहा- ‘मजाक बना परिवार, 5 सीट पर आ जाएगी RJD’

बिहार के चुनाव नतीजों में मिली करारी हार के बाद RJD सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव के परिवार में कलह बढ़ती ही जा रही है। तेजस्वी यादव के सलाहकार संजय यादव पर गंभीर आरोप लगाने के बाद लालू यादव को किडनी देने वालीं उनकी बेटी रोहिणी ने घर छोड़ दिया है। परिवार में बढ़ती कलह और बहन के अपमान पर तेज प्रताप भी भड़क गए हैं।

तेज प्रताप यादव की पार्टी JJD ने उनका एक बयान साझा किया है। तेज प्रताप ने कहा, “सबको निकालोगे तो रहेगा कौन? पहले मुझे निकाला, फिर देवी जैसी मेरी बहन रोहिणी जी को निकाला। पूरा बिहार हँस रहा था कि जिस परिवार ने लोगों को हँसाया और रुलाया, वहीं आज खुद मजाक का पात्र बन गया।”

तेज प्रताप ने आगे कहा, “आज बिहार की बहनों–बेटियों की आवाज फिर न्याय माँग रही है…और मैं वचन देता हूँ। जिसने भी सम्मान को ललकारा, उसका विनाश सुनिश्चित है। ये राजनीति नहीं, जनता की चीरही रक्षा का युद्ध है।”

उन्होंने कहा, “इज्जत का तमाशा जब-जब हुआ है पार्थ, धर्म ने हस्तिनापुर ही नहीं पूरा इतिहास बदल दिया है। याद रखना, अगली बार 25 से 05 पर आने में देर नहीं लगेगी।” तेज प्रताप ने कहा, “RJD अब लालू जी की विचारधारा वाली पार्टी नहीं बल्कि जयचंदों द्वारा हथियाई गई पार्टी बन चुकी है। जहाँ सिद्धांत की जगह चाटुकार बैठा हो, और समर्पण की जगह षड्यंत्र है, वहाँ सवाल भी खोखले लगते हैं।”

तेज प्रताप ने खुद को घर से निकालने जाने पर भी कड़ा विरोध जताया है। उन्होंने कहा, “मैंने कभी किसी को नहीं निकाला, मुझे तो मेरे ही घर से, मेरे ही लोगों से दूर किया गया। फिर भी जिस दिन जनता ने मुझे सुना एक बात साफ हो गई! राजनीति कुर्सी की नहीं- चरित्र की होती है।”

तेज प्रताप के बयानों से साफ है कि आने वाले दिनों में लालू परिवार में कलह और बढ़ सकती है। वहीं, विवाद के बीच एक बैठक में तेजस्वी यादव ने संजय यादव का खुलकर समर्थन किया है। उन्होंने नेताओं से स्पष्ट कर दिया है कि इस चुनाव में संजय यादव ने बहुत मेहनत की है।