बिहार के फारबिसगंज में घरेलू गैस की किल्लत और कालाबाजारी के बीच प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। SDM अभय कुमार तिवारी के नेतृत्व में पुलिस और आपूर्ति विभाग की टीम ने पोखर बस्ती (वार्ड संख्या 15) में छापेमारी कर साबिर अंसारी और उसके पुत्र इमरान अंसारी के घर व दुकान से 250 से अधिक रसोई गैस सिलेंडर बरामद किए हैं। प्रशासन को सूचना मिली थी कि अंसारी चौक के पास अवैध रूप से गैस सिलेंडरों का भंडारण कर ऊँचे दामों पर बेचा जा रहा है।
छत से लेकर कमरों तक भरे थे सिलेंडर
छापेमारी के दौरान अधिकारी तब अचंभित रह गए जब उन्होंने देखा कि साबिर और इमरान अंसारी के आवासीय परिसर के कमरों और यहाँ तक कि छत पर भी भारी मात्रा में सिलेंडर छिपाकर रखे गए थे।
घर से 150 से अधिक और पास स्थित बंद दुकान का शटर खोलने पर 100 से अधिक सिलेंडर मिले। इनमें भारत, एचपी और इंडेन गैस के भरे और खाली, दोनों तरह के सिलेंडर शामिल हैं। जब्त सिलेंडरों को ट्रैक्टरों पर लादकर थाने ले जाया गया।
कालाबाजारी पर सख्त कार्रवाई की तैयारी
एसडीएम अभय कुमार तिवारी ने स्पष्ट किया कि साबिर अंसारी और इमरान अंसारी के विरुद्ध आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत प्राथमिकी (FIR) दर्ज की जा रही है। उन्होंने कहा कि जिले में गैस की कोई कमी नहीं है, लेकिन कुछ लोग कृत्रिम किल्लत पैदा कर कालाबाजारी कर रहे हैं।
SDM ने आम जनता को आश्वस्त किया कि उपभोक्ताओं के हक की रसोई गैस मारने वालों को बख्शा नहीं जाएगा और इस तरह के अवैध भंडारण के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

