बिहार के मधेपुरा रेलवे स्टेशन पर एक ऐसी तस्वीर सामने आई जिसने मानवता को झकझोर कर रख दिया। प्लेटफॉर्म नंबर 2 की एक बेंच पर 5 साल की मासूम बच्ची अपनी 25 वर्षीय माँ, काजल कुमारी के शव को गोद में लेकर घंटों बैठी रही। उसे लगा कि उसकी माँ सो रही है, जबकि पास ही उसकी 2 साल की छोटी बहन रो-रोकर माँ को उठाने की कोशिश कर रही थी।
मृतका 5 महीने की गर्भवती थी। जानकारी के मुताबिक, पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और शुरुआती जाँच में महिला के गले पर निशान मिलने से हत्या की आशंका जताई जा रही है। काजल का प्रेमी मोहम्मद अंजार, जो उसे अस्पताल ले जाने का बहाना बनाकर स्टेशन पर छोड़ गया था, फिलहाल फरार है।
पापा बोले पानी लेकर आता हूँ, फिर लौटकर नहीं आए
काजल की 5 साल की बेटी शहनाज ने रोते हुए बताया कि उसके ‘अब्बू’ (सौतेले अब्बू मोहम्मद अंजार) ने एक हाथ से दोनों बहनों को पकड़ा था और मम्मी को कंधे पर लटकाकर घर से बाहर निकले थे। उसने बच्चों से झूठ बोला था कि मम्मी की तबीयत खराब है और वे अस्पताल जा रहे हैं।
स्टेशन पहुँचकर उसने काजल को बेंच पर लेटा दिया और बच्चों से कहा, “पानी लेकर आता हूँ, फिर ट्रेन आएगी तो अस्पताल चलेंगे और मम्मी ठीक हो जाएगी।” मासूम बच्चे घंटों इंतजार करते रहे, लेकिन अंजार वापस नहीं लौटा। जब राहगीरों ने बच्चों को बिलखते देखा और चादर हटाई, तो पता चला कि महिला की मौत हो चुकी है।
प्यार, धोखा और गर्भावस्था बनी विवाद की वजह
यह कहानी 8 साल पहले शुरू हुई थी जब काजल ने मोहम्मद मुर्शिद से लव मैरिज की थी। काजल और मुर्शिद की दो बेटियाँ हुईं और मुर्शिद पंजाब में मजदूरी करने चला गया। मुर्शिद ने पत्नी से बात करने के लिए उसे एक स्मार्टफोन दिया। सोशल मीडिया के जरिए काजल की नजदीकियाँ गाँव के ही मोहम्मद अंजार से बढ़ गईं। काजल दिसंबर 2025 में अपनी दोनों बेटियों को लेकर अंजार के साथ लिव-इन में रहने चली गई।
अंजार के साथ रहते हुए काजल 5 महीने की प्रेग्नेंट हो गई। ग्रामीणों और पुलिस की जाँच के अनुसार, अंजार इस बच्चे को स्वीकार करने को तैयार नहीं था, जिससे दोनों के बीच रोज झगड़े होने लगे। 23 फरवरी की रात भी दोनों के बीच तेज आवाज में बहस हुई थी।
काजल ने डर के मारे अपने पहले पति मुर्शिद को फोन भी किया था और कहा था, “मुझे कमरे में बंद कर दिया है, मुझे मारने की साजिश रच रहे हैं।” मुर्शिद ने इस बातचीत की कॉल रिकॉर्डिंग भी पुलिस को सौंपी है।
हत्या या आत्महत्या? पुलिस की जाँच जारी
घटनास्थल पर पहुँची एफएसएल (FSL) की टीम ने अंजार के कमरे से नमूने लिए हैं। पुलिस का मानना है कि या तो काजल की गला घोंटकर हत्या की गई और फिर उसे आत्महत्या का रूप देने के लिए फँदे पर लटकाया गया, या फिर मौत के बाद साक्ष्य मिटाने के लिए उसे स्टेशन पर लावारिस छोड़ दिया गया। इंस्पेक्टर दिलीप कुमार ने बताया कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह साफ होगी। फिलहाल पुलिस फरार आरोपित अंजार की तलाश में छापेमारी कर रही है।

