‘बेटी फ्रिज या कुकर में नहीं, सही सलामत चाहिए’: बिहार के मुंगेर में महिला ने नियाजुल पर लगाया बेटी का माइंडवॉश कर भगाने का आरोप, 7 लोगों के खिलाफ FIR दर्ज

बिहार के मुंगेर में एक महिला ने एक वीडियो जारी कर दावा किया है कि एक मुस्लिम युवक उनकी बेटी को माइंडवॉश कर घर से भगा ले गया है और उसकी जान को खतरा हो सकता है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, विधानसभा अध्यक्ष विजय सिन्हा और मुंगेर के SP सैयद इमरान मसूद से बेटी को सुरक्षित वापस लाने की अपील की है।

महिला ने साफ कहा कि उनका परिवार हिंदू धर्म को मानता है और वे किसी भी हाल में मुस्लिम युवक को स्वीकार नहीं करेंगे। उन्होंने भावुक होकर कहा “मुझे मेरी बेटी फ्रिज या कुकर में नहीं, बल्कि सही सलामत चाहिए।”

मामले में युवती के पिता ने सफियासराय थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पिता के अनुसार, सोमवार (29 दिसंबर 2025) की सुबह उनकी बेटी प्रैक्टिकल क्लास के लिए घर से निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी। बाद में पता चला कि गाँव के पठानटोली निवासी मोहम्मद नियाजुल हक उसे बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है।

दैनिक भास्कर की रिपोर्ट के मुताबिक, युवती ने वीडियो में गवाहों की मौजूदगी में शादी होने का दावा किया है और नियाजुल का चेहरा भी दिखाया। युवती ने अपनी मर्जी से शादी करने का दावा किया है। वहीं, पिता की शिकायत पर मोहम्मद नियाजुल हक समेत सात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस पूरे मामले की जाँच कर रही हैं।