बस्ते में जिंदा कारतूस भरकर पटना से दिल्ली जा रहा था सैयद मोहसिन अली, एयरपोर्ट पर चेकिंग के दौरान CISF ने दबोचा: पूछताछ जारी

बिहार की राजधानी पटना के जयप्रकाश नारायण इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर सुरक्षा जाँच के दौरान एक यात्री के पास से तीन जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। आरोपित की पहचान सैयद मोहसिन अली के रूप में हुई है, जो दिल्ली जाने की फिराक में था।

CISF के जवानों ने मुस्तैदी दिखाते हुए उसे तुरंत हिरासत में ले लिया और आगे की पूछताछ के लिए एयरपोर्ट थाना पुलिस के हवाले कर दिया है। पकड़ा गया युवक मोहसिन पटना के ही फुलवारी शरीफ इलाके का रहने वाला है।

गुरुवार (2 अप्रैल 2026) को जब वह इंडिगो की फ्लाइट पकड़ने एयरपोर्ट पहुँचा, तो सुरक्षा जाँच के दौरान एक्स-रे मशीन ने उसके बैग में कुछ संदिग्ध दिखाया। जवानों ने जब बैग खोलकर मैन्युअल तलाशी ली, तो अंदर से तीन जिंदा कारतूस बरामद हुए।

मोहसिन मौके पर इन कारतूसों से जुड़ा कोई भी वैध दस्तावेज या लाइसेंस पेश नहीं कर सका। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आरोपित कारतूस लेकर हवाई जहाज में क्यों चढ़ना चाहता था।