गिरफ्तार होंगे खान सर!, पुलिस के सामने बोले KGS के गार्ड्स- ‘सर के कहने पर की फायरिंग’: अब टीचर से हो रही पूछताछ, गोली चलाने का Video वायरल

बिहार की राजधानी पटना में खान सर के कोचिंग सेंटर पर 2 जून 2026 की रात फायरिंग मामले में बड़ा मोड़ आ गया है। पुलिस ने गोली चलाने के आरोप में खान सर के दोनों गार्ड को गिरफ्तार कर लिया है। ज्ञान बिंदु कोचिंग की ओर से जारी एक वीडियो में दोनों गार्ड फायरिंग करते दिखाई दिए थे, जिसके आधार पर पुलिस ने उन्हें हिरासत में लेकर घंटों पूछताछ की।

खान सर ने करवाई फायरिंग: गार्ड्स का दावा

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, पूछताछ में दोनों गार्डों ने दावा किया है कि उन्होंने खान सर के कहने पर फायरिंग की थी। हालाँकि पुलिस इस दावे की सत्यता की जाँच कर रही है। दोनों के हथियार जब्त कर लिए गए हैं और उनके लाइसेंस समेत अन्य दस्तावेजों की भी जाँच की जा रही है। मामले में पुलिस खान सर से भी पूछताछ कर रही है।

प्रेस कॉन्फ्रेंस में क्या बोला ज्ञान बिंदु प्रबंधन?

गुरुवार (4 जून 2026) को पटना में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में ज्ञान बिंदु जीएस एकेडमी के प्रबंधन ने खान सर के आरोपों को खारिज करते हुए कई सवाल उठाए। प्रबंधन के सदस्यों ने दावा किया कि वायरल वीडियो में खान सर के ही गार्ड फायरिंग करते दिखाई दे रहे हैं।

उनका कहना था कि उन पर फायरिंग कराने का आरोप लगाया गया जबकि जाँच में उनके खिलाफ कोई सबूत नहीं मिला है। प्रबंधन ने आरोप लगाया कि कोचिंग क्षेत्र में माहौल बनाने और प्रतिस्पर्धियों को बदनाम करने के लिए यह पूरी घटना करवाई गई।

वहीं, खान सर के कम फीस वाले दावे को भी चुनौती दी गई। एकेडमी के शिक्षकों ने विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की फीस का ब्यौरा पेश करते हुए दावा किया कि उनकी संस्थान की फीस खान सर के संस्थान से कम है। साथ ही यह भी कहा गया कि ज्ञान बिंदु एकेडमी के परिणाम लगातार बेहतर रहे हैं और किसी भी आरोप की निष्पक्ष जाँच होनी चाहिए।