बिहार के पूर्वी चंपारण जिले के रक्सौल क्षेत्र में सशस्त्र सीमा बल (SSB) ने बुधवार/गुरुवार (31 दिसंबर 2025/1जनवरी 2025) को बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन बांग्लादेशी नागरिकों को अवैध रूप से भारत में प्रवेश करते समय गिरफ्तार किया। इनके साथ एक भारतीय नागरिक भी पकड़ा गया, जो सीमा पार कराने में मदद कर रहा था। यह गिरफ्तारी भारत-नेपाल सीमा के पास की गई।
गिरफ्तार बांग्लादेशी नागरिकों की पहचान मोहम्मद फिरोज, मोहम्मद सोबुज/सोफाज और मोहम्मद शानिनुर रहमान/ओलुरे रहमान के रूप में हुई है। वहीं भारतीय नागरिक की पहचान पश्चिम चंपारण जिले के मोहम्मद एम एल सरफराज अंसारी के रूप में की गई है। सुरक्षा बलों के अनुसार, आरोपित बिना वैध दस्तावेजों के नेपाल की ओर से भारत में प्रवेश की कोशिश कर रहे थे।
इमिग्रेशन और पुलिस सूत्रों ने बताया कि ये बांग्लादेशी नागरिक लंबे समय तक नेपाल की राजधानी काठमांडू में रह चुके थे और पश्चिम बंगाल के खुले मार्ग से नेपाल में दाखिल हुए थे। पूछताछ के दौरान इनके बयान भी आपस में मेल नहीं खा रहे हैं। तलाशी के दौरान इनके पास से 36 हजार रुपए के भारतीय नकली नोट बरामद किए गए।
SSB को पहले से संदिग्ध गतिविधियों की खुफिया सूचना मिली थी, जिसके बाद इलाके में घेराबंदी कर कार्रवाई की गई। सभी आरोपितों को स्थानीय पुलिस के हवाले कर दिया गया है। केंद्रीय जाँच एजेंसियाँ और पुलिस यह पता लगाने में जुटी हैं कि इनका भारत में प्रवेश करने का उद्देश्य क्या था, गंतव्य कहाँ था और क्या इनके पास फर्जी भारतीय दस्तावेज भी थे।

