‘वही हाल होगा जो अयोध्या में हुआ था’: मुर्शिदाबाद में ‘बाबरी मस्जिद’ बनाने पर भड़कीं उमा भारती, कहा- बाबर के नाम से बनी इमारत पर ऐतराज

तृणमूल कॉन्ग्रेस (TMC) के विधायक हुमायूं कबीर के मुर्शिदाबाद में ‘बाबरी मस्जिद’ बनाने के ऐलान के बाद देशभर में राजनीति गरमा गई है। इस बीच मध्य प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री और बीजेपी नेता उमा भारती ने बाबर के नाम पर मस्जिद बनने को लेकर अयोध्या वाला हाल करने की चेतावनी दी है। उमा भारती ने सीएम ममता बनर्जी से ऐसे लोगों पर कार्रवाई करने की बात भी कही है।

उमा भारती ने सोशल मीडिया प्लैटफॉर्म एक्स पर लिखा, “खुदा, इबादत, इस्लाम के नाम पर मस्जिद बने हम सम्मान करेंगे लेकिन बाबर के नाम से बनी हुई इमारत का वही हाल होगा जो 6 दिसंबर को अयोध्या में हुआ था, ईंटे भी गायब हो गई थीं। मेरी मित्र ममता बनर्जी जी को सलाह है कि बाबर के नाम पर मस्जिद बनाने की बात कहने वालों पर कार्यवाही करिए, बंगाल एवं देश की अस्मिता एवं सद्भाव के लिए आपकी भी जिम्मेवारी है।”

बीजेपी नेता का यह बयान TMC विधायक हुमायूं कबीर के ऐलान के बाद आया है। विधायक ने कहा था कि 06 दिसंबर को बाबरी मस्जिद की आधारशिला रखी जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि बेलडांगा में समारोह आयोजित होगा और मुस्लिम नेता इस कार्यक्रम में शिरकत करेंगे।