कौन हैं युमनाम खेमचंद सिंह? जो बनने जा रहे हैं मणिपुर के अगले मुख्यमंत्री: BJP ने मैतेई चेहरे पर दाँव चल एकसाथ साधे कई समीकरण

भारतीय जनता पार्टी (BJP) के नेता युमनाम खेमचंद सिंह को मणिपुर बीजेपी विधायक दल का नेता चुना गया है। इसके साथ ही वे मणिपुर के नए मुख्यमंत्री भी होंगे। फिलहाल मणिपुर में राष्ट्रपति शासन लागू है।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, मंगलवार (03 फरवरी 2026) को दिल्ली में आयोजित मणिपुर बीजेपी विधायक दल की बैठक में यह फैसला लिया गया। इस दौरान मणिपुर के सभी विधायकों ने एकमत से युमनाम खेमचंद सिंह को अपना नेता चुना और मणिपुर का सीएम बनाने के लिए भी सपोर्ट किया।

कौन हैं युमनाम खेमचंद सिंह?

बता दें कि युमनाम खेमचंद सिं इंफाल पश्चिम जिले की सिंगजामेई सीट से 2017 और 2022 दो बार के विधायक हैं। वे साल 2017 से 2022 तक विधानसभा स्पीकर भी रह चुके हैं। यही वजह है कि उनकी प्रदेश की राजनीति से लेकर सदन की कार्यवाही तक के कार्यों मजबूत पकड़ है।

साल 2022 में दूसरी बार विधायक बने युमनाम सिंह को बिरेन सिंह सरकार में कैबिनेट मंत्री भी बनाया गया। उन्हें नगर प्रशासन, आवास एवं शहरी विकास, ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज और शिक्षा जैसे अहम विभागों की जिम्मेदारी सौंपी गई थी।

मैतेई समुदाय से ताल्लुक रखने वाले युमनाम खेमचंद सिंह की मणिपुर में हर समुदाय के साथ काम करने वाली पहचान है। इसीलिए बीजेपी ने उन पर दाँव खेला है। इन्हें पूर्व सीएम बीरेंद्र सिंह का विरोधी माना जाता है और उनके सीएम बनने से राज्य में बीजेपी ये संदेश देना चाहती है कि वह शांति प्रक्रिया के लिए कितनी गंभीर और सारे समुदायों को साथ लेकर चलना चाहती है।